इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
दबंग भू-माफिया दिन-दहाड़े कर रहे प्रयास
सिविल जल ललितपुर की रोक के बाबजूद अवैध कब्जा करने का किया जा रहा प्रयास
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद बड़ौनियां ने अवैध कब्जा रोकने हेतु अधिकारियों को दिया शिकायती पत्र
कोतवाली महरौनी क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के ललितपुर रोड स्थित जमीन का मामला
ललितपुर। जनपद में जहां एक ओर प्रशासन अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही कर रहा है तो वहीं शासन-प्रशासन की मंशा को खुली चुनौती देते हुये दबंग जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। मामला ऐसा ही महरौनी से ललितपुर रोड किनारे स्थित बेशकीमती जमीन का प्रकाश में आया है। इस जमीन पर न्यायालय से स्थगन आदेश पारित होने के बावजूद भी दबंग जबरन अवैध कब्जा कर रहे हैं। मामले को लेकर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद बड़ौनियां ने जिला व पुलिस प्रशासन से उक्त जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को तत्काल को रोके जाने की मांग उठायी है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार बड़ौनियां ने बताया कि महरौनी से ललितपुर रोड पर भारत पेट्रोलियम पम्प के पास जिसका खसरा नम्बर 619 है। इस जमीन पर उन्होंने स्वयं का स्वामित्व बताते हुये महरौनी निवासी कुछ लोगों पर अपने आठ-दस साथियों के साथ एकराय होकर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उक्त लोग भूमाफिया हैं और जमीन पर सिविल जज सीनियर डिवीजन ललितपुर से स्थगन आदेश पारित होने के बावजूद भी अवैध कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उक्त लोग ट्रैक्टर आदि मशीनों से जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास करते हुये पिलर का निर्माण कर रहे हैं। विरोध करने पर उक्त लोगों द्वारा गाली-गलौज करते हुये मारपीट पर आमादा हो गये। उन्होंने बताया कि उक्त लोग काफी दबंग व शातिर किस्म के व्यक्ति हैं, जिस कारण उक्त लोगों के खिलाफ कार्यवाही किया जाना आवश्यक है। उन्होंने जिला व प्रशासन के साथ-साथ कोतवाली महरौनी पुलिस से त्वरित कार्यवाही करते हुये अवैध निर्माण को तत्काल रोके जाने की मांग उठायी है।

Today Warta