इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में समीक्षा के दौरान डीएम ने दिये निर्देश
आयुष्मान योजना में प्रगति लाने के निर्देश
ललितपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार मे जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी चिकित्साधिकारी पूरे मनोवेग के साथ कार्य करें, सभी लक्ष्यों को इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी कार्यक्रमों की भौतिक प्रगति के साथ-साथ फीडिंग भी अद्यतन रखें। जनपद में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी परिवारों की संख्या में और अधिक वृद्धि की जाए। बैठक में सर्वप्रथम मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पिछली बैठक में लिये गए निर्णयों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की, तदोपरान्त उन्होंने बताया कि जननी सुरक्षा योजना एफ0आर0यू0 के तहत जनपद में 02 एफ0आर0यू0 क्रियाशील हैं, जहां सामान्य प्रसव के अतिरिक्त सिजेरियन प्रसवों की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही जनपद में 11 एल-2 इकाईयां एवं 93 मान्यता प्राप्त उपकेन्द्र हैं, जिनमें संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध है।
जननी सुरक्षा योजना के तहत माह अक्टूबर तक कुल 3353 प्रसव किये गए हैं। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत जनपद की स्वास्थ्य इकाईयों पर 9839 प्रसव किये गए, साथ ही निःशुल्क परिवहन व्यवस्था 102 व 108 गाड़ियों से उपलब्ध करायी जाती है। निःशुल्क भोजन व्यवस्था, निःशुल्क उपचार, निःशुल्क खून व पेशाब की जांचे, ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा इकाईयों पर, अल्ट्रासाउंड सुविधा तथा निःशुल्क ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुविधा जिला महिला चिकित्सालय में उपलब्ध करायी जा रही है। नियमित टीकाकरण के तहत 37512 के सापेक्ष अगस्त 2022 तक 16050 की उपलब्धि हासिल की गई है। पोषण पुनर्वास केन्द्रों की समीक्षा में बताया गया कि जनपद के सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सालयों में 06 शय्या एवं जिला चिकित्सालय पुरुष में 10 शय्या एन0आर0सी0 स्थापित एवं क्रियाशील हैं। आई0डी0एस0पी0 कार्यक्रम के तहत जनपद में इन्ट्रीडिग्रेटिड डिसीज सर्विलान्स कार्यकम के अंतर्गत जनपद में संक्रामक रोगों का सर्वलेन्स एवं प्रभावी रोकथाम हेतु कार्यवाही की जाती है, वर्तमान में आई0डी0एस0पी0 कार्यक्रम के अंतर्गत कोविड-19 के सर्वलेन्स एवं प्रभावी रोकथाम का कार्य किया जा रहा है। यह भी बताया गया कि जनपद में 108 की 22 एवं 102 की 16 एम्बुलेंस संचालित हैं, जिनमें समस्त उपकरण क्रियाशील हैं। एन0सी0डी कार्यक्रम के तहत बताया गया कि संविदा कर्मियों के वित्तीय वर्ष 2022-23 के माह अक्टूबर 2022 के मानदेय का भुगतान कर दिया गया है। एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय ललितपुर एवं समस्त ब्लाक चिकित्सा इकाईयों पर एनसीडी क्लीनिकों के माध्यम से लाभार्थियों को निःशुल्क ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि की जांच एवं उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय में संचालित तम्बाकू परामर्श केन्द्र पर कार्यक्रम की साईकोलॉजिस्ट द्वारा माह अक्टूबर 2022 में 245 पुरुष एवं 284 महिला (कुल 429) लाभार्थियों को तम्बाकू छोड़ने हेतु परामर्श एवं दवा का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनान्तर्गत कुल 340519 लाभार्थियों के सापेक्ष 144306 गोल्डन कार्ड बनाये गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 जेएस बक्शी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) डॉ0 मीनाक्षी सिंह, सभी एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Today Warta