मोहम्मद जमाल
कृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा कथा का संगीतमय चित्रण
उन्नाव। कृष्ण जन्म और नंदोत्सव में आनंदित हुए श्रोता
विशेष रूप से सजाया गया कथा परिसर
उन्नाव। पुलिस लाइन गेट के निकट, श्रीधाम वृन्दावन पधारे परमपूज्य संत रामशरण शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन कृष्ण की बाललीलाओं का बड़ा ही मनोरम दर्शन कराया। ऊखल बंधन की कथा में मईया यशोदा को रिझाते हुए कृष्ण कहते हैं मईया मोरी मैं नहीं माखन खायो। इसके बाद कालिया नाग के दम्भ दमन की रोमांचकारी कथा हुई। गोवर्धन पूजा की कथा विस्तार से हुई।श्री कृष्ण ने बड़े भोलेपन से मईया यशोदा से प्रश्न किया " मईया ये आप लोग किनकी पूजा की तैयारी कर रहे हैं" कृष्ण की बातें सुनकर मैया बोली लल्ला हम देवराज इन्द्र की पूजा के लिए अन्नकूट की तैयारी कर रहे हैं। मैया के ऐसा कहने पर श्री कृष्ण बोले मैया हम इन्द्र की पूजा क्यों करते हैं? मैईया ने कहा वह वर्षा करते हैं जिससे अन्न की उपज होती है उनसे हमारी गायों को चारा मिलता है। भगवान श्री कृष्ण बोले हमें तो गोर्वधन पर्वत की पूजा करनी चाहिए क्योंकि हमारी गाये वहीं चरती हैं, इस दृष्टि से गोर्वधन पर्वत ही पूजनीय है और इन्द्र तो कभी दर्शन भी नहीं देते व पूजा न करने पर क्रोधित भी होते हैं अत: ऐसे अहँकारी की पूजा नहीं करनी चाहिए। लीलाधारी की लीला और माया से सभी ने इन्द्र के स्थान पर गोवर्घन पर्वत की पूजा की। देवराज इन्द्र ने इसे अपना अपमान समझा और मूसलाधार वर्षा आरम्भ कर दी। प्रलय के समान वर्षा देखकर सभी बृजवासी भगवान कृष्ण को कोसने लगे कि, सब इनका कहा मानने से हुआ है। तब मुरलीधर ने मुरली कमर में डाली और अपनी कनिष्ठा उंगली पर पूरा गोवर्घन पर्वत उठा लिया और सभी बृजवासियों को उसमें अपने गाय और बछडे़ समेत शरण लेने के लिए बुलाया। इन्द्र कृष्ण की यह लीला देखकर और क्रोधित हुए फलत: वर्षा और तेज हो गयी। इन्द्र का मान मर्दन के लिए तब श्री कृष्ण ने सुदर्शन चक्र से कहा कि आप पर्वत के ऊपर रहकर वर्षा की गति को नियन्त्रित करें और शेषनाग से कहा आप मेड़ बनाकर पानी को पर्वत की ओर आने से रोकें। इन्द्र निरन्तर सात दिन तक मूसलाधार वर्षा करते रहे तब उन्हे लगा कि उनका सामना करने वाला कोई आम मनुष्य नहीं हो सकता अत: वे ब्रह्मा जी के पास पहुंचे और सब वृतान्त कह सुनाया। ब्रह्मा जी ने इन्द्र से कहा कि आप जिस कृष्ण की बात कर रहे हैं वह भगवान विष्णु के साक्षात अंश हैं और पूर्ण पुरूषोत्तम नारायण हैं। ब्रह्मा जी के मुख से यह सुनकर इन्द्र अत्यन्त लज्जित हुए और श्री कृष्ण से कहा कि प्रभु मैं आपको पहचान न सका इसलिए अहँकारवश भूल कर बैठा। इस प्रकार इंद्र का अहंकार दमन हुआ। श्री सनातन परिवार सत्संग सेवा ट्रस्ट के सुतत्वावधान आयोजित कथा की आरती पूजन में संयोजक डॉ संजय मिश्रा, बबली मिश्रा, अरविंद मिश्रा, हेमलता मिश्रा, विनीत मिश्रा, शानू मिश्रा व उनके परिवार जनों व आयोजन समिति से रेड क्रॉस उप सभापति डॉ मनीष सिंह सेंगर, युवा भाजपा नेता अमित मिश्रा व रेनू मिश्रा, वेंकट मिश्रा व हिमा मिश्रा, प्रियंका दीक्षित, सभासद प्रवीण मिश्रा भानू, लक्ष्य निगम, सभासद राहुल कश्यप, आचार्य वासू, डॉ उत्कर्ष मिश्रा, सिया प्यारी गुप्ता, ममता द्विवेदी, नीलम सिंह, डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ उन्नाव के पदाधिकारियों, आदि ने भाग लिया।