राकेश केसरी
कौशाम्बी। मूरतगंज बाजार की पटरियों पर बढ़ते अतिक्रमण से राहगीरों व व्यवसायियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदार अपने दुकान के सामने पटरी पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिये है। इससे बाजार में आने वाले ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विगत वर्ष स्थानीय प्रशासन द्वारा पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था परन्तु दुकानदारों द्वारा दोबारा अपने फायदे के लिए पटरियों का अतिक्रमण कर लिया गया। जिससे आये दिन तू-तू मैं-मैं की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही बाजार में आने वाले ग्राहकों द्वारा जगह न होने के कारण सड़क पर ही गाड़ी खड़ी कर देने से जहां अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाया करती है वहीं आये दिन नागरिकों को दुर्घटनाओं का शिकार भी होना पड़ता है। बाजार के कुछ दुकानदारों का कहना है कि पटरियों पर अतिक्रमण से बगल की दुकानें पूर्णतया ढंक जाती है जिससे ग्राहकों को भी काफी परेशानी होती है। साथ ही इससे व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मूरतगंज बाजार की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

Today Warta