भोज खाकर पैदल लौट रहे थे, लोग बोले-नशे में था ड्राइवर
पटना/वैशाली। वैशाली में रविवार की रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। भोज खाकर पैदल लौट रहे लोगों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में 10 लोगों के मौत की सूचना है। इनमें 8 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव की है। लोगों को टक्कर मारने के बाद ट्रक पीपल के पेड़ से जा टकराया है। ड्राइवर घायल अवस्था मे स्टीयरिंग में फंस गया। वहीं एक शव ट्रक में फंसा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में ही नेवतन पूजा था। उसी में बच्चों के साथ लोग गए हुए थे। वहां से भोज के बाद सभी लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक का ड्राइवर शराब के नशे में था। हादसे की सूचना पर हाजीपुर सदर अस्पताल से शव वाहन और एंबुलेंस को रवाना कर दिया गया है। सदर अस्पताल में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है।
सड़क पर बिखरे शव
घटना के बाद मौके पर शव बिखरे पड़े रहे। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन शवों को देखकर बिलख रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही महुआ विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक डॉ मुकेश रोशन हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचे और इस दर्दनाक घटना पर दुख व्यक्त किया।

Today Warta