राकेश केसरी
कौशांबी। भवंस मेहता विद्याश्रम भरवारी में शुक्रवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जूनियर और सीनियर वर्ग के बीच हुई प्रतियोगिता में मालवीय व मुुंशी हाउस की टीम चैंपियन रही। प्रधानाचार्य संजय कुमार श्रीवास्तव ने दीप जला कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहला मुकाबला जूनियर टीम के बीच हुआ। इसमें मालवीय हाउस, मेहता हाउस, मुंशी हाउस और नेहरू हाउस के बीच पांच राउंड की प्रतियोगिता हुई। पूछे गए अधिकांश प्रश्नों का सही जवाब मालवीय हाउस की टीम ने दिया, जो प्रथम रही। मेहता हाउस व मुंशी हाउस ने बराबर स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान और नेहरू हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में सीनियर ग्रुप के बीच क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें मुंशी हाउस ने ज्यादातर प्रश्नों के सही जवाब देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। नेहरू हाउस को द्वितीय व मालवीय हाउस को तृतीय स्थान मिला। सीनियर ग्रुप के मेहता हाउस ग्रुप ने सबसे कम स्कोर करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य संजय कुमार श्रीवास्तव ने विजेता हाउस के सभी छात्रों को बधाई देते हुए सभी सहयोगी अध्यापकों को धन्यवाद दिया। प्रतियोगिता का संचालन शिक्षक राकेश कुमार सिंह ने किया। प्रतियोगिता में शिक्षक सुधाकर सिंह, अवधेश मिश्रा, अनिल मिश्रा, राम सनेही श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, सचिन त्रिपाठी, सीता यादव, विवेक शंकर चतुर्वेदी व विवेक केसरवानी समेत अन्य शिक्षक शामिल रहे।