देश

national

दबंगई व रसूख के दम पर चल रहे अवैध टैक्सी स्टैंड

Thursday, November 10, 2022

/ by Today Warta



राकेश केसरी

कौशाम्बी। मुख्यालय मंझनपुर में दबंगों द्वारा कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखा कर अवैध टैक्सी स्टैंडों का संचालन किया जा रहा है। मनमाने ढंग से संचालित हो रहे टैक्सी स्टैंडों पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन जाम की समस्या को बढ़ावा दे रहे हैं। अवैध रुप से संचालित होने वाले इन टैक्सी स्टैंडों पर शिकंजा कसने में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी नाकाम दिख रहे हैं। दिखे भी क्यों न क्योंकि टैक्सी स्टैंड संचालकों पर राजनीतिक नेताओं की सरपरस्ती है। बतां दें कि मुख्यालय मंझनपुर के भरवारी रोड़,करारी रोड़,सिराथू रोड़ में दबंग लोगों द्वारा अवैध टैक्सी स्टैंड का संचालन किया जा रहा है। सड़क पर आड़े तिरछे वाहनों को खड़ा कराकर स्टैंड का संचालन कराया जा रहा है। दबंगों की दबंगई का अंदाजा सहज ही इस बात से लगाया जा सकता है कि सड़क पर चलने वाली रोडवेज बसों के आगे वाहनों को लगाकर सवारियों को बैठाया जाता है। समाजसेवी अमर सिंह कहते हैं कि कई बार अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया। अवैध टैक्सी स्टैंड को हटवाने की मांग की गई,लेकिन उनकी शिकायतों को दरकिनार कर दिया गया। लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते उनकी आवाज नक्कारखाने में तूती बनकर रह गई। अवैध टैक्सी स्टैंड से संचालित वाहनों पर भी न तो एआरटीओ कार्रवाई कर पा रहे हैं और न ही पुलिस प्रशासन। इन स्टैंडों के संचालन के चलते आए दिन सड़क पर जाम लगा रहता है। एएसपी समर बहादुर ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जिले के व्यापारियों व अन्य बुद्धिजीवियों के साथ बैठकर वार्ता की जाएगी। जिले को जाम मुक्त बनाने के लिए लोगों से सुझाव भी लिए जाएंगे। साथ ही जाम की समस्या में बाधा बनने वाले अवैध वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'