इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
ललितपुर। आज भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पं.जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक संपन्न हुई। जिसमें पं.जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस एवं भारत निर्माण दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस जनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया एवं उनके विचारों और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया। उन्होंने भारत एक खोज ग्रंथ की रचना की, जिसमें पूरे भारत की तस्वीर को उकेरा। पंडित नेहरू बच्चों से बहुत प्यार करते थे क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य होते हैं। उन्होंने देश के विकास के लिए अनेकों योजनाओं का क्रियान्वयन किया उन्होंने एआईआई एम्स, आईआईटी, भाखड़ा नांगल बांध सहित कई संस्थानों, सिंचाई परियोजनाओं एवं कई वित्तीय संस्थानों की स्थापना की। उन्होंने अनेकों बैंकों एवं बीमा बचत सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु देश की सबसे विशाल बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम की स्थापना की। नेहरू जी की पृष्ठभूमि एक संपन्न परिवार से थी। लेकिन उन्होंने देश की स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व निछावर किया। स्वतंत्रता आंदोलन में वह 9 बार जेल गए। जिसमें प्रथम बार 6 दिसंबर सन 1921 को जेल गए और आखरी बार सन 1942 से 45 तक जेल में रहकर कुल 9 वर्ष जेल में बिताए। पंडित नेहरू एक राष्ट्रभक्त थे। पं.नेहरू ने देश की आजादी के बाद भी संसदीय लोकतंत्र की स्थापना, धर्मनिरपेक्षता सहित कई सामाजिक और राजनीतिक सुधार किए। साथ ही भारत के औद्योगीकरण के विकास को भी प्रोत्साहित किया। इस अवसर जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह, राकेश रजक एड, पवन विश्वकर्मा, अश्लम खान, नगर अध्यक्ष नवनीत किलेदार, अशोक कुमार स्वर्णकार, पर्वत लाल अहिरवार, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अंकित यादव, संजय जाटव, गजेन्द्र सिंह परमार, महेंद्र पनारी, हरीश सूरी, संतोष कुशवाहा आदि दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।