प्रदीप पाल
आरोपी महिला के परिजनों का आरोप गांव के ही एक व्यक्ति ने रचा षडयंत्र, गांव में चर्चा- बीते दिनों महिला के परिजन ने एक ग्रामीण का गाय को पीटते वीडियो किया था वायरल बदायूं बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव बसई में एक महिला व उसके पति पर नौ नवजात पिल्लों को तालाब में डुबोकर मारने का आरोप लगा है। पशुप्रेमी विभोर शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों के परिजनों का कहना है कि उनके खिलाफ षडयंत्र के तहत मुकदमा लिखवाया गया है।
मामला गांव बसई का है जहां कुतिया के नवजात नौ पिल्लों को तालाब में फेंककर मारने का आरोप पति पत्नी पर लगाया गया है। नगर निवासी पशुप्रेमी विभोर शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बसई निवासी सूर्यकांत व उनकी पत्नी अनीता ने नौ नवजात पिल्लों को गांव के एक तालाब में फेंक दिया जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। विभोर के मुताबिक उन्होंने मौके पर जाकर तालाब से पांच पिल्लों के शवों को बाहर निकाला और कोतवाली ले आए। पुलिस ने मामले को लेकर पशु कू्ररता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर आरोपियों के परिजनों के मुताबिक उनके खिलाफ गांव के ही एक व्यक्ति ने षडयंत्र कर उन्हें फंसाया है। गांव में चर्चा है कि आरोपियों के किसी परिजन ने लगभग 15 दिनों पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अपनी गाय को बेरहमी से पीटते हुए वीडियो वायरल कर दिया था।
बताते हैं कि कुछ दिनों बाद गाय की मौत हो गई। इसी रंजिश में गाय को पीटने वाले ग्रामीण ने उक्त परिवार को फंसाने के लिए उक्त षडयंत्र रचा है। बहरहाल सच क्या है यह पुलिस तफ्तीश में ही पता लग पाएगा।

Today Warta