छात्रों के गुस्से की सबसे बड़ी वजह यूनिवर्सिटी प्रशासन का नकारात्मक व अड़ियल रवैया
प्रयागराज। इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सोमवार को हुई हिंसा व हंगामे की जानकारी बीजेपी विधायक सुरेन्द्र चौधरी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दी। बीजेपी विधायक ने अमित शाह को बताया कि यह हिंसा 4 गुना फीस बढ़ोतरी को लेकर हुई है। 4 गुना फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्र पिछले 4 महीनों से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से बातचीत करने और उन्हें भरोसे में लेने की कोई कोशिश नहीं की है। फीस बढ़ोतरी और यूनिवर्सिटी प्रशासन के अड़ियल रवैये को लेकर छात्रों में जबरदस्त नाराजगी है। यूनिवर्सिटी के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स द्वारा कथित तौर पर फायरिंग किए जाने और छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की वजह से ही सोमवार की घटना हुई है।उन्होंने बताया कि वाइस चांसलर समेत यूनिवर्सिटी प्रशासन का नकारात्मक व अड़ियल रवैया छात्रों के गुस्से की सबसे बड़ी वजह है। बीजेपी विधायक सुरेंद्र चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री से कहा के 4 गुना फीस बढ़ोतरी से तमाम छात्रों को दिक्कतें हो रही हैं। हालांकि अपने भविष्य व कैरियर को देखते हुए तमाम छात्र मजबूरी में मुंह बंद किए हुए हैं। कुलपति की नियुक्ति को लेकर जुड़े विवाद को लेकर भी केंद्रीय गृहमंत्री को जानकारी दी है। बीजेपी विधायक ने केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले में दखल दिए जाने की अपील की है। बीजेपी विधायक सुरेंद्र चौधरी ने नई दिल्ली में ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की है। उन्हें भी इस घटना की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी इस मामले में दखल दिए जाने की अपील की है। उम्मीद जताई जा रही है कि अमित शाह इस मामले को लेकर जल्द ही शिक्षा मंत्री से बात कर सकते हैं। सुरेंद्र चौधरी ने दोनों नेताओं से कहा है कि छात्रों पर मनमाने तरीके से फीस वसूलकर और उनसे कोई संवाद न कर उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है। इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी की गरिमा को ध्यान में रखते हुए यहां के छात्रों का उत्पीड़न बंद होना चाहिए। सुरेंद्र चौधरी ने वाइस चांसलर प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव की नियुक्ति विवाद के बारे में भी मंत्रियों को जानकारी दी है।

Today Warta