राकेश केसरी
प्रशासन लापरवाह, अनदेखी के कारण कस्बे में फैल रही बीमारी
चायल,कौशाम्बी। नवगठित नगर पंचायत चरवा में सफाई व्यवस्था धड़ाम हैं। कस्बे के मोहल्लों में जगह जगह पानी भरा हुआ है। इस कारण आवागमन प्रभावित है साथ ही सफाई नहीं होने के कारण मोहल्लों में बीमारी फैल रही है। सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन अनदेखी कर रहा है। इसको लेकर कस्बे के लोग काफी परेशान हैं। करीब डेढ़ साल पहले गठित हई नगर पंचायत चरवा के पंद्रह वार्ड में सफाई व्यवस्था के लिए दो दर्जन से अधिक सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं। कस्बे के सभी अलग अलग वार्ड के मोहल्लों में बेहतर ढंग से साफ सफाई हो इसके लिए सुपरवाइजर और सफाई नायक भी तैनात किए गए हैं। लेकिन इस समय तैनात सफाई कर्मी काम नहीं कर रहें हैं। स्थिति यह है कि कस्बे के मोहल्लों में जगह जगह गंदगी पसरी हुई है। घरों के निकला पानी गलियों में सड़क पर बह रहा है। इस कारण मोहल्लों में आवागमन के लिए लोगों को परेशानी होती है। इतना ही नहीं सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं होने के कारण कस्बे में संक्रामक बीमारियां भी बढ़ी हैं। साफ सफाई को लेकर कस्बे के लोगों ने सफाई नायक के साथ ही कार्यालय के बाबू और अधिशाषी अधिकारी से शिकायत भी किया है। लेकिन अनदेखी के कारण व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम है। ऐसी ही स्थिति इन दिनों कस्बे के मसूरियादीन नगर वार्ड की हैं। मीरन पर जाने वाले मार्ग में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग काफी परेशान है। आवागमन के लिए लोगों को सड़क छोड़कर आना जाना करना पड़ रहा है।
--------------------
क्या कहते है लोग
राम विश्राम नगर वार्ड नंबर एक के सुमित केशरवानी का कहना है कि पिछले कई सालो से रोड पर गंदा पानी बह रहा है। मगर आज तक पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। कई बार तो हम लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर आना जाना पड़ता है। सफाई कर्मी काम नहीं करते है। जिसका खामियाजा हम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। वार्ड न0 दो के सुग्गन लाल भारतीय का कहना है कि नाली ना होने से पानी बहाने का संकट है। जल जमाव से मच्छर जीने नही दे रहे हैं। पिछले कई सालों से ऐसे ही रोड पर पानी बह रहा है। पिछले प्रधान और अब नगर पंचायत के अधिकारियों से कई बार नाली बना कर पानी निकासी की समस्या से निजात दिलाने के लिए कहा मगर आज तक कोई देखने तक नही आया है। वार्ड न0 दो मसुरियादीन नगर के सुनील कुमार का कहना है कि पानी भरे रहने से आने जाने में दिक्कत हो रही है। नाली ना होने से पूरे मोहल्ले का पानी रोड पर भरा रहता है। आज टीका कस्बे के सफाई कर्मी यहां काम करने के लिए नहीं आए हैं। नगर पंचायत चरवा की ये मुख्य रोड है । राहगीर इस रास्ते से होकर आते जाते हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारी और कर्मचारी सभी उदासीन हैं। इसी वार्ड के राधाकृष्ण उपाध्याय उर्फ गोलू का कहना है कि इधर कुछ महीनो से सफाई कर्मियों ने काम करना बंद कर दिया है। यही कारण है कि कस्बे में चारो तरफ गंदगी का अंबार लग गया है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को प्रतिदिन इस कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। नगर पंचायत चरवा का गठन हुए दो साल हो चुके है लेकिन इसके बाद भी कस्बे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम है।

Today Warta