देश

national

डायलिसिस कर्मचारियों ने एक साथ सीएमएस को सौंपा इस्तीफा

Saturday, January 28, 2023

/ by Today Warta



कमल सिंह

- डायलिसिस कराने आए मरीज ने कर्मचारी के साथ की थी मारपीट

- मरीज ने डायलिसिस के मैनेजर को भी बनाया निशाना 

बांदा। डायलिसिस यूनिट में मरीज की अभद्रता से परेशान कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंपा है। कर्मचारियों का कहना है कि वह लोग मरीज की काफी दिनों से अभद्रता को बर्दाश्त करते चले आ रहे थे। इस पर सीएमएस ने उनके इस्तीफे को सीएमओ के यहां सौंपने को कहा है। मरीज ने डायलिसिस के मैनेजर को भी निशाना बना लिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वह लोग इस मामले को लेकर कमिश्नर और जिलाधिकारी से भी मिलेंगे। 

जिला अस्पताल स्थित हीमो डायलिसिस यूनिट में इन दिनों करीब 60 मरीजों की डायलिसिस होती है। मंगलवार को चित्रकूट जिले के रानीपुर गांव का रहने वाला विद्यासागर डायलिसिस कराने आया था। डायलिसिस के ही दौरान उसने लीड टेक्नीशियन कलामुद्दीन के साथ अभद्रता कर दी। मारपीट के साथ गाली-गलौज किया। लीड टेक्नीशियन के साथ हुई इस अभद्रता से यूनिट में मौजूद कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया। कर्मचारियों का कहना है कि यह मरीज अक्सर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर अभद्रता करता है। अपने हाथ में लगा डायलेजा भी निकालकर बाहर फेंक देता है। मरीज कर्मचारियों को देख लेने की धमकी देता है। मरीज की इस हरकत से परेशान होकर कर्मचारियों ने सामूहिक हस्ताक्षर युक्त इस्तीफा सीएमएस डा. एसएन मिश्र को सौंपा है। सीएमएस ने इस्तीफा लेने के साथ सीएमओ को देने के लिए कहा है। इस्तीफा देने वालों में पीयूष त्रिपाठी, नीमा, आकांक्षा समेत कई कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि मरीज ने यूनिट के मैनेजर जितेंद्र सिंह को भी अपना निशाना बनाया है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर उक्त मरीज की डायलिसिस यहां हुई तो वह लोग काम नहीं करेंगे। सीएमएस डा. एसएन मिश्र का कहना है कि मरीज और उसकी पत्नी दोनो झगड़ालू किस्म के हैं। कर्मचारियों के साथ अभद्रता की थी। दोनो पति पत्नी सीएमओ के पास पेश हुए थे। सीएमओ के कहने पर उसने माफीनामा भी दिया है। उनका कहना है कि उनसे इस यूनिट से कोई मतलब नहीं है। हालांकि उनके कैंपस में डायलिसिस हो रही है। प्राइवेट कंपनी है, कंपनी के लोग ही इस मामले का निर्णय ले सकते हैं। सीएमएस का कहना है कि फिलहाल मरीज को कर्मचारी एक मौका दें, अगर दोबारा अभद्रता करता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'