मोहम्मद जमाल
उन्नाव। नवीन पुल से लेकर बालूघाट मोड़ तक का मार्ग संकरा होने के कारण बीते दिनों एक रिटायर्ड ओईएफ कर्मी की जाम में फंसकर मौत हो गई थी। इसे देखते हुए शनिवार को स्कूली बच्चों ने जाम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों ने हाथों में लिखी तख्तियां लेकर डीएम से जाम से निजात दिलाने की मांग की है। पुराना यातायात पुल बंद होने के कारण पिछले दो सालों से शुक्लागंवासी जाम का दंश झेल रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने जाम को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे जाम में फंसकर अब तक दो मरीजों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को रिटायर्ड ओईएफ कर्मी राजेश कुमार शुक्ला की मौत होने पर शनिवार को ऋषि नगर स्थित एसएम नेशनल विद्यापीठ के बच्चों ने जाम के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिसमें लिखा था कि जाम न लगता तो बच जाते राजेश अंकल, जाम हटाओ जान बचाओ, रास्ता चौड़ा कराओ, डीएम मैडम कितनी जाने और जाएंगी आदि तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही बच्चों ने डीएम से रास्ता चौड़ा कराने की मांग की और जाम से निजात दिलाने को भी कहा।

Today Warta