प्रयागराज। वाराणसी प्रयागराज के बीच क्रूज सेवा शुरू करने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गंभीर हैं। दोनों ऐतिहासिक शहरों के बीच क्रूज सेवा शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के प्रयागराज कार्यालय को पत्र भेजा गया है। जिसमें दोनों शहरों के बीच क्रूज सेवा शुरू करने के लिए गंगा में जलमार्ग विकसित करने के लिए कहा गया है।मुख्यमंत्री कार्यालय ने पत्र के जरिए कुम्भ और माघ मेला के दौरान दोनों शहरों के बीच क्रूज चलाने का संकेत दिया है, ताकि बाहरी पर्यटकों को धार्मिक पर्यटन के लिए बोट से प्रयागराज लाया जा सके। प्रयागराज और वाराणसी के बीच क्रूज चलाने में सबसे बडी बाधा कई स्थानों पर गंगा में जल की कमी की आ रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसी कमी को दूर करने के लिए कहा है। यह कमी गंगा की ड्रेजिंग (गहराई बढ़ाना) कर ही दूर की जा सकती है। ड्रेजिंग भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का पटना क्षेत्रीय कार्यालय करता है। लिहाजा मुख्यमंत्री दफ्तर से आए पत्र को पटना क्षेत्रीय कार्यालय भेज दिया गया है। प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि ड्रेजिंग पर अंतिम निर्णय पटना क्षेत्रीय कार्यालय से ही लिया जाएगा। अगर निर्णय लिया जाता है तो पहले यह देखा जाएगा कि किस आकार का क्रूज आएगा। इसके लिए गंगा में कितनी गहराई की जरूरत होगी।

Today Warta