मोहम्मद जमाल
उन्नाव। कानपुर-उन्नाव शिक्षक व स्नातक खंड एमएलसी सीट के लिए चुनाव प्रचार का शोर शनिवार को थम जाएगा। प्रचार के लिए शाम 4 बजे तक की समयसीमा निर्धारित की गई है। प्रचार को रोकने के लिए मजिस्ट्रेटों की टीमों का गठन भी किया गया है। प्रचार में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। 4 बजे के बाद प्रचार करता हुआ कोई प्रत्याशी मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 30 जनवरी को मतदान कराने के लिए कल से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जाएगी। आईटीआई पांडु नगर से ही पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। यहीं पर मतगणना भी होगी। इसके लिए कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए 216 अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम विशाख जी ने बताया कि कानपुर खण्ड स्नातक क्षेत्र में 100 मतदान केन्द्र व कानपुर खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 63 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसी प्रकार कानपुर खण्ड स्नातक क्षेत्र में कुल 1,64,428 मतदाता व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 11,485 मतदाता हैं। निर्वाचन क्षेत्र को 11 जोन व 30 सेक्टर में बांटा गया है। समस्त जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के दोनों प्रशिक्षण पूरे हो गए हैं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए वाहनों की व्यवस्था भी कर ली गई है। सभी मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

Today Warta