देश

national

गड़बड़ियां मिलने पर 17 को नोटिस, दो की सेवाएं समाप्त, लगातार दूसरे दिन जनमित्र केंद्रों पर कार्रवाई

Wednesday, January 4, 2023

/ by Today Warta



ग्वालियर। जनउपयोगी सेवाओं का लाभ देने की बजाय जानबूझकर हितग्राहियों के आवेदन लंबित रखने की शिकायतों को लेकर लगातार दूसरे दिन नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल के निर्देश पर जनमित्र केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निगम के चार उपायुक्तों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मौजूद जनमित्र केंद्रों का निरीक्षण किया तो हितग्राहियों के कई आवेदन समय-सीमा बीतने के बाद भी लंबित मिले। इसके अलावा एक जनमित्र केंद्र शाम साढ़े चार बजे ही बंद कर दिया गया था उपायुक्तों की रिपोर्ट के आधार पर निगमायुक्त ने 17 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा दो आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।़निगमायुक्त के पास कई जनमित्र केंद्रों की शिकायतें पहुंची थीं कि संपत्तियों के नामांकन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, मजदूरी कार्ड जैसी सुविधाओं के आवेदनों का समय-सीमा बीतने पर भी निराकरण नहीं कराया जा रहा है। इसके चलते निगमायुक्त ने उपायुक्त एपीएस भदौरिया, केशव सिंह चौहान, सुनील चौहान और डा. अतिबल सिंह यादव के साथ टीम को भेजकर जनमित्र केंद्रों का निरीक्षण कराया। इस दौरान अधिकतर केंद्रों पर समय सीमा बीतने के बाद भी प्रकरणों का निराकरण नहीं किया गया था। इसके अलावा सिंधी कालोनी स्थित बरार भवन में बना जनमित्र केंद्र समय से पहले ही बंद कर दिया गया था। उपायुक्तों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट सौंपी। इसके आधार पर कर संग्रहक भगवान सिंह गुर्जर, ब्रजपाल सिंह भदौरिया, शैलेंद्र कौरव, भगवान लाल, रघुवीर सिंह गुर्जर, राजेंद्र मुद्गल, नीरज कुशवाह, संदीप शिवहरे, मदन पालिया, एपीटीओ प्रमोद माहेश्वरी, पवन चौधरी, नरेंद्र कुशवाह, मनीष भदाकारिया, प्रदीप राज चौहान, रामचरण आर्य, ज्योति चंदेल, नरेश कुशवाह को लापरवाही करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारी अमन शर्मा एवं पीयूष पाठक की सेवा समाप्त कर दी गई है।

सोमवार को भी हुई थी कार्रवाई

निगमायुक्त किशोर कान्याल ने सोमवार को भी जनमित्र केंद्रों का निरीक्षण कराया था। इस दौरान कुछ जनमित्र केंद्रों पर दलाल सक्रिय मिले थे और आवेदनों को भी लंबित रखा गया था। इस आधार पर 14 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही चार आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई थी। तीन कर्मचारियों का एक दिन का वेतन भी काटा गया था।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'