देश

national

देश का धन चंद उद्योगपतियों की जेब में : राहुल

Monday, January 23, 2023

/ by Today Warta



जम्मू। जम्मू के सतवारी में जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश को रोजगार सिर्फ छोटे व्यापारी और लघु और मध्यम व्यवसाय ही दे सकते हैं, देश के 2-3 बड़े उद्योगपति नहीं, इसलिए भारत में बेरोजगारी फैल रही है। हिंदुस्तान का पूरा का पूरा धन 2-3 उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। पूरा कारोबार देश के कुछ उद्योगपति चला रहे हैं। नोटबंदी से काला धन नहीं मिट सका। नोटबंदी कर छोटे कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया गया। छोटे कारोबारी ही रोजगार पैदा कर सकते है।  उन्होंने कहा कि देश की सबसे ज्यादा बेराजगारी जम्मू कश्मीर में है। युवा पढ़ाई करने के बाद बेरोजगार हैं। उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाया। 

भारत जोड़ो यात्रा जम्मू के सतवारी में पहुंच गई है। राहुल ने केंद्र सरकार पर लगातार हमले बोले। उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। वह भीख नहीं अपना हक मांग रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया।  विजयपुर से शुरू हुई यात्रा के दौरान राहुल गांधी रास्ते में जमीदारा ढाबे पर कश्मीरी पंडितों के शिष्टमंडल से मिले। उन्होंने कश्मीरी पंडितों की समस्याओं और अन्य चीजों के बारे में जानकारी ली। कक्षा नौ में पढ़ने वाली दृष्टि शर्मा ने राहुल गांधी से मुलाकात कर नोटबंदी और जीएसटी जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा उनसे कई प्रकार की चीजों के बारे में भी जाना। राहुल गांधी ने मिलने के लिए कश्मीर से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। 

कुंजवानी चौक पर राहुल गांधी के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। कुछ समय बाद सतवारी चौक से थोड़ा पीछे गुरुद्वारे (अशोक नगर) के पास जम्मू-कठुआ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्य कार्यक्रम होगा। इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।  जम्मू के कुंजवानी में राहुल गांधी से मिलने और उनकी जनसभा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद हैं। पूर्व मंत्री योगेश साहनी के अनुसार शेड्यूल के तहत 24 जनवरी की सुबह 8 बजे यात्रा शीतली (नगरोटा चेकपोस्ट के पास) से शुरू होगी। नगरोटा के पुराने रूट से होती हुई आर्मी गेट रेंबल उधमपुर तक जाएगी। इसके अगले दिन 25 जनवरी की सुबह 8 बजे यात्रा मैत्रा रामबन से शुरू होकर खोबाग में रुकेगी और दोपहर 2 बजे हरपुरा बनिहाल के लिए रवाना होगी। इस दौरान शाम 4 बजे लंबेड बनिहाल में कार्नर बैठक का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर यात्रा को विश्राम दिया जाएगा।

कश्मीरी पंडित परिवारों से मिलेंगे राहुल गांधी

सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू पहुंचने पर राहुल गांधी कश्मीरी पंडित परिवारों से भेंट करेंगे। उनका दुख दर्द सुनेंगे। बाद में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया जाएगा। तीन बजे के बाद पीआरआई सदस्यों से भी मिलेंगे।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'