देश

national

यूपी-राजस्थान समेत 7 राज्यों में कल से बारिश के आसार

Friday, January 27, 2023

/ by Today Warta



दिल्ली/पटना/भोपाल/लखनऊ। देश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार को मप्र के 33 जिलों में बारिश हुई। तेज बारिश और खराब मौसम की वजह से उज्जैन में 8वीं और शाजापुर में 5वीं तक के बच्चों की आज छुट्टी घोषित कर दी गई। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और लाहौल स्पीति में गुरुवार को 2 जगह एवलॉन्च हुआ। प्रदेश में भारी बर्फबारी से 263 सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी-राजस्थान समेत 7 राज्यों में कल से बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि 28 से 30 जनवरी तक इन राज्यों के कई जिलों में पानी गिरने की संभावना है। फतेहपुर में गुरुवार को पारा माइनस में पहुंच गया है। यहां पत्तों पर बर्फ जमी नजर आई। राजस्थान में 28 जनवरी से एक बाद फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने इस बार बारिश के साथ जयपुर समेत 13 जिलों में ओले गिरने की भी आशंका जताते हुए इन जिलों के लिए येल्लो अलर्ट जारी किया है। दो दिन बाद एक वेर्स्टन डिर्स्टबेंस के एक्टिव होने से मौसम में ये बदलाव होगा। इसका असर 29 जनवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में रहेगा। चूरू में आज न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। यहां एक दिन पहले तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस पर था। इसी तरह फतेहपुर का तापमान भी 4 डिग्री सेल्सियस गिरा। इसी तरह गंगानगर में तापमान 7.4 से गिरकर 5 पर और चित्तौड़गढ़ में तापमान 8.5 से गिरकर 6.8 पर पहुंच गया। 

बारिश की वजह से उज्जैन, शाजापुर में स्कूलों की छुट्टी

मध्यप्रदेश के कई जिलों में गुरुवार रात में बारिश का दौर जारी रहा। तेज बारिश और खराब मौसम की वजह से उज्जैन में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों की आज छुट्टी घोषित की गई है। शाजापुर में भी आज 5वीं तक की छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर दिनेश जैन ने इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। गुरुवार को इंदौर सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 19.4 डिग्री तापमान रहा। उज्जैन, धार, गुना, राजगढ़, नौगांव में भी पारा काफी कम रहा। यहां 20 डिग्री के नीच तापमान दर्ज किया गया। इधर, शुक्रवार को भोपाल-इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के 33 जिलों में बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से प्रदेश में फिर एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इससे फरवरी के पहले सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहेगा। भोपाल शहर में पिछले 24 घंटे में 0.78 बारिश रिकॉर्ड हुई है। यूपी में मौसम शुक्रवार को एक बार फिर बदलने जा रहा है। हिमालय से आए एक और विक्षोभ के चलते यूपी में ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे 10 डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने पूरे यूपी यानी 75 जिलों में अगले चार दिन ( 30 जनवरी) तक घने बादलों के साथ गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि आज और कल कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में घने बादल छाए रहे। वाराणसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 27.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और लाहौल स्पीति में गुरुवार को 2 जगह एवलॉन्च हुआ। सुबह 10 बजे के करीब टिंकू नाला में बर्फ के पहाड़ गिरने से करीब 2 घंटे इंडो-तिब्बत नेशनल हाईवे बाधित रहा। दोपहर बाद लाहौल की चंद्र भागा नदी के वामतट पर हिमखंड गिरा। इससे कुछ देर तक नदी का बहाव रुक गया। प्रदेश में बर्फबारी से 3 ठऌ समेत 263 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी हैं। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इनमें से लगभग 115 सड़कें बीते 15 दिन से हिमपात की वजह से बंद है। हिमाचल के अधिकतर इलाकों में आज दिनभर मौसम साफ रहा। कल भी मौसम साफ रहने का पूवार्नुमान है। 28 जनवरी को मौसम फिर से करवट बदलेगा। 29 और 30 जनवरी को दोबारा से भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली: सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.4 और पालम में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज

दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड से दो दिन की राहत के बाद 24 घंटे में तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। शुक्रवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम है। इसी तरह पालम में आज न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 जनवरी से दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'