कमल सिंह
नृत्य कला गृह के संयोजन में सबके प्यारे राम नृत्य नाटिका का होगा मंचन
बांदा। जनपद में कई बार अपने मंचन का लोहा मनवा चुके नृत्य कला गृह के बच्चों को अब आगामी 8 फरवरी काे कानपुर देहात महोत्सव में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरने का मौका मिलेगा। कानपुर देहात के ईको गार्डेन में आयोजित महोत्सव में तुलसीकृत रामचरित मानस के रामजन्म से राम-जानकी विवाह तक के प्रसंगों का मोहक मंचन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए नृत्य कला गृह की संचालिका नृत्य गुरु श्रद्धा िनगम ने बताया कि उनके संयोजन में तैयार की गई सबके प्यारे राम नृत्य नाटिका ने जिले में धूम मचा दी है। गणेश महोत्सव के दौरान शहर के गणेश भवन में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी समेत जिले के जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने बच्चों के मोहक मंचन की जमकर सराहना की थी। श्रीमती निगम ने बताया कि नृत्य नाटिका के मंचन में 2 वर्ष से लेकर 21 वर्ष की बच्चियों को शामिल किया गया है। श्रद्धा बताती हैं कि कानपुर महोत्सव के बाद 18 फरवरी को भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में आयोजित रामायण मेला के स्वर्ण जयंती समारोह में भी नृत्य नाटिका के मंचन को आमंत्रित किया गया है। नृत्य नाटिका के संयोजन व संपादन में छतरपुर आकाशवाणी के संजय खरे व तकनीकी संपादन में कर्ण निगम का अभूतपूर्व योगदान है।

Today Warta