राकेश केशरी
शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता अवश्य सुनिश्चित करने के निर्देश
कौशाम्बी। जिलाधिकारी सुजीत कुमार एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने तहसील सिराथू में आमजन की शिकायतों को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दियें। जिलाधिकारी ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत को निस्तारित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयान्तर्गत निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों को डिफाल्टर होने से पूर्व ही निस्तारित किया जाय तथा शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता अवश्य सुनिश्चित किया जाय एवं शिकायतकर्ता से अवश्य सम्पर्क किया जाय। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 94 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 7 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। समाधान दिवस में शिकायतकर्ता श्री केशलाल सोनकर, निवासी ग्राम चकबख्तियारा ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा उनकी भूमि पर जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, सिराथू को प्रकरण की जॉच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दियें। इसी प्रकार प्रार्थी सलाहउद्दीन (ग्राम प्रधान) सयारा मीठेपुर द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि ग्रामसभा की भूमि पर गांव के ही दबंग व्यक्तियों द्वारा कृषि कार्य किया जा रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, सिराथू को जॉच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दियें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुष्पेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी राहुल देव भट्ट एवं क्षेत्राधिकारी डॉ0 कृष्ण गोपाल सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Today Warta