राकेश केशरी
कौशाम्बी। कल्याण विभाग से संचालित राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, भरसव कौशाम्बी का बुधवार को दोपहर 12.40 बजे मुख्य विकास अधिकारी रवि किशोर त्रिवेदी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के समय संस्था में कार्यरत अध्यापिका सुनैना देवी, मधु सिंह एवं सारिका यादव अनुपस्थित पायी गयी। अनुपस्थित के सम्बन्ध में पूछे जाने पर प्रधानाचार्या पुष्पा चौधरी द्वारा अवगत कराया गया कि सुनैना देवी एवं मधु सिंह आकस्मिक अवकाश पर तथा सारिका यादव भारत स्काउट एण्ड गाइड विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभाग हेतु गयी हैं। निरीक्षण के समय संस्था में कुल 380 छात्रायें निवासरत पायी गयीं। निरीक्षण के समय छात्रायें दोपहर का भोजन ग्रहण कर रही थी, उक्त भोजन मीनू के अनुसार तैयार था लेकिन भोजन की गुणवत्ता अपेक्षाकृत संतोषजनक नही पायी गयी, जिस हेतु मौके पर उपस्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार को निर्देशित किया गया कि भोजन में प्रयोग होने वाली सामग्री यथा-चावल, दाल, सब्जी आदि की मात्रा एवं गुणवत्ता में सुधार कराया जाय। उन्होंने कहा अन्यथा की स्थिति उनके अगले निरीक्षण में उक्त कमियाँ पुनः परिलक्षित हुई तो सम्बन्धित वेण्डर को सुधार करने हेतु चेतावनी दी गयी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा छात्राओं से सामूहिक संवाद भी किया गया। जिसमें छात्राओं द्वारा शिक्षण कार्य संतोषजनक होना बताया गया।