देश

national

कृषि विश्वविद्यालय बांदा के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय स्तर पर फहराया परचम

Sunday, February 26, 2023

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह'प्रिइन्द्र

ललितपुर। कृषि विश्वविद्यालय बांदा ने एक बार फिर से राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त की हैं। विश्वविद्यालय की खिलाड़ी धाविका कु.आंचल राज परमार ने राष्ट्रीय अन्तर कृषि विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता जो हिसार हरियाणा में आयोजित हुआ था, उसमें 800 व 5000 मी. रेस में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता है। इस प्रतियोगिता में देश के 68 कृषि विश्वविद्यालय के खिलाडिय़ों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया था। कु.आंचल ने विभिन्न चरणों में 62 धावकों को पीछे छोड़ते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुं. आंचल मूल रूप से जिले की तहसील महरौनी के ग्राम छायन की रहने वाली हैं तथा यहां पर कृषि वानिकी महाविद्यालय की तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.नरेंद्र प्रताप सिंह ने शुभकामनाएं दी हैं। कुलपति ने कहा कि हम सीमित संसाधनों में भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बना पाए इसके लिए छात्रों की कड़ी मेहनत एवं प्रशिक्षक डा.अभिषेक यादव, डा.अभिषेक कालिया और विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्यों के कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध एवं प्रसार के साथ साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी अच्छा कर सकें इसके लिए हर सम्भव प्रयास विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किया जाएगा। विश्वविद्यालय से कुल 23 खिलाडिय़ों की टीम, टीम मैनेजर सहायक प्राध्यापक डा.अभिषेक यादव व सहायक प्राध्यापक डा.स्वेता सोनी के नेतृत्व में विभिन्न प्रतियोगिताओं ने प्रतिभाग करने हेतु कृषि विश्वविद्यालय हिसार, हरियाणा गयी थी। इस प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। 1500 मी. रेस एवं जेबलिन थ्रो में खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाए थे। कबड्डी, बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस में खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में अपना जगह बनाने में कामयाब रहे। कबड्डी में कांटे के टक्कर में खिलाड़ी कम अंतर से कृषि विश्वविद्यालय हिसार, हरियाणा से जीतते जीतते रह गए। विश्वविद्यालय के खिलाडिय़ों द्वारा इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, प्रो.अजय कुमार सिंह ने शुभकामनाएं दी और कहा कि विश्वविद्यालय हर संभव खिलाडिय़ों के उत्थान के लिए और बेहतर सुविधा एवं संसाधन उपलब्ध कराने हेतु प्रयासरत रहेगा, जिससे खेल में और ख्याति मिल सके। कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो.जी.एस. पंवार ने कहा कि हम और लगन एवं मेहनत से खेल को आगे बढ़ायेंगे, जिससे और भी प्रतियोगिताओं में पदक ला सकें। टीम के मैनेजर एवं प्रशिक्षक सहायक प्राध्यापक, डा.अभिषेक यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प तथा विश्वविद्यालय के कुलपति का मार्गदर्शन को दिया। खिलाडिय़ों की टीम ट्रैन से बाँदा रेलवे स्टेशन पहुंची जहाँ पर विश्वविद्यालय के अधिकारी व प्राध्यापकों की टीम ढोल नगारे व फूल-माला तथा मिठाइयों से खिलाडिय़ों का स्वागत किया। जिसमें मुख्य रूप से अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा.अजय कुमार सिंह, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय डा.जी.एस.पंवार, सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण के.एस.तोमर, डा.ए.के.सिंह, डा.बी.के. गुप्ता, डा.अभिषेक कालिया, डा.दिनेश गुप्ता, डा.धीरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'