देश

national

मोटे अनाज और प्राकृतिक खेती किसानों को बनाएगी खुशहाल

Thursday, March 2, 2023

/ by Today Warta



कमल सिंह

बांदा-उद्यान कार्यालय में दो दिवसीय मंडलीय किसान मेला व गोष्ठी

-सांसद ने किसानों किया पुरस्कृत,व्यवसायिक खेती पर दिया जोर: हम ज्यादा नहीं 40 वर्ष पूर्व चले जाएं तो देखेंगे कि अधिकांश किसानों के यहां ज्वार, बाजरा, कोदौ, सावां की खेती होती थी। गेहूं व चावल तो मेहमानों के आने पर मिलता था। तब प्राकृतिक खेती होती थी। सभी बीमारी से दूर और खुशहाल थे। हमें फिर वही दिन लाने की जरूरत है। मोटे अनाज करें और प्राकृतिक खेती करें। पशुपालन कर आय बढ़ाएं। उद्यान विभाग की योजनाओं के जरिए कृषक उद्यमी बनें। यह बातें सांसद आरके सिंह पटेल ने गुरुवार को उद्यान विभाग की ओर से आयोजित मंडलीय कृषक गोष्ठी और प्रदर्शनी में कहीं।

उद्यान विभाग कार्यालय परिसर में आयोजित गोष्ठी में गुरुवार को चारों जनपदों से बड़ी संख्या महिला व पुरुष किसान पहुंचे और प्रदर्शनी में उन्नतिशील बागवानी, सब्जी और पुष्पों की खेती की जानकारी ली। सांसद आरके सिंह पटेल ने किसानों से कहा कि पीएम मोदी आपकी चिंता कर रहे हैं। इसलिए किसानों को भी उनकी चिंता करने की जरूरत है। किसान योजनाओं का लाभ जरूर लें। नमसा योजना का उदाहरण पेश करते हुए कहा कि यदि वह चाह लेंगे योजनाओं में भ्रष्टाचार का पूरी तरह खात्मा हो जाएगा। मोटे अनाज बुंदेलखंड की पहचान रही है। इसलिए इसे जरूर बढ़ावा दें। अब तो इसके अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए एकीकृत खेती अब वरदान साबित हो रही है। इसलिए खेती में पशुपालन, बागवानी, सब्जी आदि जरूर शामिल करें। इससे उनकी उन्नति तय है। भाजपा जिला संयोजक संजय सिंह ने कहा कि सरकार का अब बागवानी व व्यवसायिक खेती पर जोर है। इसलिए किसानों को ज्यादा से ज्यादा अनुदान दिया जा रहा है। किसान अब परंपरागत खेती से हटकर प्राकृतिक व औद्योगिक खेती करें। मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्या ने कहा कि किसानों की सोच अब बदल रही है। जनपद में पांच सौ से ज्यादा ऐसे किसान हैं, जो उन्नतशील खेती कर रहे हैं। अब शासन की इतनी ज्यादा योजनाएं हैं किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रगतिशील किसान प्रेम सिंह ने भी किसानों को जैविक खेती और कठिया गेहूं के महत्व के बारे में बताया। अतर्रा के प्रगतिशील किसान विज्ञान शुक्ला ने जैविक और उन्नतिशील खेती के बारे में बताया। कहा कि खेती-किसानी में अब सरकौरी नौकरी छोड़कर लोग आ रहे हैं। इसलिए वह इसे नई तकनीक के साथ जीरो बजट पर करें। इसके बारे में हम किसानों को बेहतर जानकारी दे रहे हैं। कार्यक्रम को पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, उप निदेशक उद्यान विनय कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र कुमार, सहायक जिला उद्यान अधिकारी नवनीत त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। कृषि विज्ञान केंद्र के विज्ञानी डा.मंजुल पांडेय ने किसानों को बागवानी व फसलों में लगने वाले कीट व रोगों के बारे में विस्तार से बता

सांसद ने किसान को सौंपी पावर ट्रिलर की चाबी

सांसद आरके सिंह पटेल और ब्लाक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू ने बिसंडा ब्लाक के किसान जयनारायण सिंह को पावर ट्रिलर की चाबी सौंपी। जयनारायण सिंह प्रगतिशील किसान हैं और अच्छी बागवानी व सब्जी करते हैं। सांसद ने किसान को उन्नतिशील खेती व बागवानी के लिए प्रेरित किया।

पहली बार लगी पुष्प प्रदर्शनी,दिखा उत्साह

 उद्यान विभाग में लगे किसान मेले में महोबा, बांदा, हमीरपुर और चित्रकूट के किसानों ने सब्जी, केला, अमरूद, पुष्पों की प्रदर्शनी लगाई। फल संरक्षण विभाग की ओर से आचार-मुरब्बा, जैम, जेली, आचार आदि की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। महिला किसानों ने प्रदर्शनी में फूलों व फलों की खेती के बारे में जानकारी ली। उद्यान निरीक्षक अरुण कुमार, दिग्विजय सिंह आदि ने किसानों को उन्नतिशील बागवानी व सब्जी की तकनीक देकर प्रोत्साहित किया।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'