देश

national

ईंट से भरी ट्रॉली पलटने से युवक की मौत

Friday, March 17, 2023

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह'प्रिइन्द्र

चार घायल अस्पताल में भर्ती, एक झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर

ललितपुर। कोतवाली महरौनी क्षेत्र के ग्राम खितवांस में बीती देर रात ईंट से भरी ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी मिलने पर शहर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों से मुलाकात की।

बताया गया है कि ग्राम खितवांस निवासी 55 वर्षीय बन्दे पुत्र दुर्गा मुख्यालय ईंट खरीदने के लिए आया हुआ था। यहां से उसने ईंट खरीदी और रात में घर जाने के लिए गांव के ही (35) उत्पाल पुत्र भगवानदास, (40) आशाराम पुत्र फुन्दी, (35) शिशुपाल पुत्र भगवानदास एवं (28) नीरज पुत्र पप्पू के साथ निकला था। वह अपनी गांव के ओर ट्रॉली में सवार होकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर जैसे ही वह गांव की ओर जाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाई-वे से नीचे उतार रहा था कि तभी अचानक से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर पलट गयी। चंद क्षणों उपरान्त मौके पर चीख-पुकार मच गयी। शोरगुल सुनकर मौके पर कई लोग एकत्र हो गये। लोगों ने घटना की सूचना तत्काल 108 एम्ब्युलेंस और पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर जा पहुंची, जहां कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली के पलटने से घायल हुये लोगों को एम्ब्युलेंस के जरिए जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। वहीं मौके पर उत्पाल सिंह मरणासन्न अवस्था में मिला। अस्पताल पहुंचने पर उत्पाल सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बन्दे, आशाराम, शिशुपाल और नीरज का उपचार किया जा रहा है। बंदे की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'