देश

national

चुनाव चिह्न का हुआ वितरण, प्रचार हुआ तेज

Friday, April 21, 2023

/ by Today Warta



राकेश केशरी

कौशाम्बी। नगर निकाय चुनाव के प्रचार में शुक्रवार दोपहर बाद से घमासान तेज हो गया। निर्दल प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न जैसे मिला, प्रचार का तरीका बदल गया। अपने चुनाव चिह्न के साथ लोग मैदान में उतर गए। वार्ड से लेकर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैंडबिल, पोस्टर, स्टीकर छपवाने के लिए सीधे प्रिंटिंग प्रेस की ओर भागे। देर रात तक प्रचार सामग्री छपती रही। नगर पंचायत व नगर पालिका में चुनाव प्रचार तेज हो चुका है। अभी तक निर्दल प्रत्याशी अपने नाम से प्रचार कर रहे थे, लेकिन चुनाव चिह्न न मिलने से वह परेशान भी थे। शुक्रवार को चुनाव चिह्न का वितरण किया गया। चुनाव चिह्न मिलते ही लोग सीधे प्रिंटिंग प्रेस की ओर भागे। प्रिंटिंग प्रेस में लोगों ने हैंडबिल, पोस्टर, स्टीकर का आर्डर दिया। दुकानों में लोगों की भीड़ लगी रही। डिजाइन चेक करने के बाद लोगों ने आर्डर दिया। सदस्य पद के प्रत्याशियों ने पोस्टर व हैंडबिल छपवाने पर ज्यादा जोर दिया। आर्डर देने के बाद सबका यही कहना था कि शनिवार की सुबह तक उनको प्रचार सामग्री मिल जाए। प्रचार सामग्री हासिल करने के लिए लोग देर रात तक प्रयास में लगे रहे। अचानक भीड़ पहुंचने पर प्रेस मालिकों के चेहरे खिल गए। धड़ाधड़ आर्डर लिए जाने लगे। सदस्य व अध्यक्ष के कई प्रत्याशी अपनी डिजाइन खुद बनवाकर पहुंचे थे। अपनी डिजाइन देकर लोगों ने प्रचार सामग्री छापने का आर्डर दिया। कई लोगों ने टोली, बिल्ला, पटका भी छपवाने के लिए आर्डर दिया है। अलग तरीके से प्रचार करने के भी इंतजाम में लोग जुटे रहे।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'