देश

national

निकाय चुनाव : बूथों पर नहीं हैं इंतजाम, कैसे होगा मतदान

Sunday, April 23, 2023

/ by Today Warta



राकेश केशरी

कौशाम्बी। जनपद में 122 मतदान केंद्र व 302 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें से कई ऐसे पोलिंग बूथ हैं, जहां मतदान कार्मिकों के लिए इंतजाम ही नहीं है। चार ऐसे पोलिंग बूथों को चिह्नित किया गया है, जहां मतदान कार्मिकों के लिए सुविधाएं नहीं है। यदि समय रहते इंतजाम न हुए तो पोलिंग पार्टियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सबसे ज्यादा महिला कर्मियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। बूथों में रैंप, शौचालय, इंटरनेट आदि की व्यवस्था नहीं है। अधिकारियों ने पोलिंग बूथों की जांच शुरू की तो यह खामियां सामने आई। इसकी रिपोर्ट जिम्मेदार अफसरों को भेजी गई तो उनका माथा ठनका। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने पोलिंग बूथ की जरूरतों के हिसाब से सारे इंतजाम करने का निर्देश नगर पंचायत व नगर पालिका के जिम्मेदारों को दिया है।

प्राथमिक विद्यालय अजुहा (प्रथम) को पोलिंग बूथ बनाया गया है। यहां मतदान कार्मिक चुनाव कराने आएंगे तो उन्हें तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि सेंटर में रैंप नहीं है, शौचालय पूर्ण नहीं है, इंटरलॉकिंग बिखरी पड़ी है। इसके अलावा सफाई नहीं है। अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से लिया है। शौचालय पूर्ण न होने पर सबसे ज्यादा नाराजगी जाहिर की गई है।पोलिंग बूथ हनुमान इंटर कॉलेज में भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नहीं है। जांच में तमाम खामियां यहां भी मिली हैं। इस बूथ पर भी रैंप नहीं है। आने वाले दिव्यांगों को मतदान में दिक्कत होगी। इसके अलावा पंखा की व्यवस्था नहीं है। मतदान कार्मिक कैसे इस भीषण गर्मी में बिना पंखे के मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे, इसका अंदाजा ही लगाया जा सकता है। इसके अलावा बूथ में पक्की फर्श तक नहीं है।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'