कौशाम्बी। नवरात्र पर्व आज से शुरू हो गया हैं और मुनाफाखोरों ने मिलावट का खेल शुरू कर दिया है। खासतौर से उपवास व पूजा सामग्री वाले खाद्य पदार्थों में मुनाफाखोरों की निगाहें हैं। नवरात्र,दशहरा और फिर दीपावली जैसे त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि विभागीय स्तर पर अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। इसका परिणाम यह है कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बिक्री करने वालों की पौ बारह है। नवरात्र के साथ ही मिलावट खोर सक्रिय हो जाते हैं। ताकि वह एक के बाद एक आने वाले त्योहारों में बड़ा मुनाफा कमा सकें। खासतौर से दूध,खोवा से बने खाद्य पदार्थों में निगाहें हैं। मुख्यालय मंझनपुर में तीन दर्जन से अधिक मिठाइयों की दुकानें हैं। जिनमें मिलावटी दूध.खोए के साथ केमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से बनी मिठाइयों की जमकर खुलेआम बिक्री हो रही है। जिसका सीधा असर शरीर पर होता है। प्रशासन स्तर पर पिछले दो महीने से मिलावट खोरों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा गया है। लेकिन अभी मिठाई दुकानदारों पर अधिकारियों की निगाह नहीं गई है।
हर जगह मिलावटखोर सक्रिय
फल और सब्जी को तरह.तरह के केमिकलों का उपयोग कर तैयार किया जा रहा है। जैसे लौकी व कद्दू में आॅक्सीटोसिन का इस्तेमाल किया जाता है। एक सब्जी विक्रेता की माने तो केमिकल से सब्जी ताजी और हरी बनाए रखने के लिए केमिकल का प्रयोग करते हैं। वहीं दूध में पानी मिलाना अब पुरानी बात हो गई है। दूध का व्यापार करने वाले लोग केमिकल मिलाकर अधिक मात्रा में मिलावटी दूध बना रहे हैं। मिलावटखोर अब यूरिया,ग्लूकोज जैसे केमिकल की मिलावट कर रहे हैं। इसके अलावा दूध में निरमा,साबुन व पानी सहित अन्य केमिकल को मिलाकर दूध तैयार कर रहे हैं। इसके साथ ही तेल,घी आदि में भी मिलावटखोर सक्रिय है।
हानिकारक हैं स्वास्थ्य के लिए यह खाद्य पदार्थ
जिला अस्पताल के डॉक्टर विवेक केशरवानी का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के तौर पर जो केमिकल इस्तेमाल किए जाते हैं वे स्वास्थ्य की दष्टि से काफी नुकसानदायक हैं। इनके लगातार सेवन से उल्टी,दस्त,लीवर,किडनी सहित पेट और चर्म संबंधी रोग होने की संभावना बनी रहती है।
मिलावटखोरों पर चल रहा अभियान
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मिलावट के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। नवरात्र को लेकर व्यापक पैमाने पर मिलावटखोरों पर अभियान चलाने की कार्ययोजना बनाई गई है। जल्द ही इसका असर दिखने लगेगा।

Today Warta