लखनऊ। लखनऊ में आज लेवाना होटल की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। ये होटल हजरतगंज इलाके में मदन मोहन रोड पर है। हादसे के वक्त होटल में करीब 30 लोग मौजूद थे। पहली और दूसरी मंजिल पर ठहरे करीब 20 लोग आग लगने के बाद सुरक्षित निकाल लिए गए। मगर 10 लोग तीसरी मंजिल पर फंस गए थे। उन्हें फायर फाइटिंग टीम ने 3 घंटे के रेस्क्यू आॅपरेशन में बचा लिया है। 8 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें 2 लोगों की मौत हुई है। धुआं भर जाने की वजह से कई लोग बेहोश हो गए। दमकल की 24 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। एंबुलेंस से 8 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ सिविल अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने लखनऊ कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को ज्वाइंट जांच कराने के लिए कहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे हैं। लखनऊ के सूर्य पाल गंगवार भी होटल पहुंचे। उन्होंने कहा, होटल में 30 कमरे हैं। हादसे के वक्त 18 कमरे बुक थे। कुछ लोगों ने हादसे से पहले होटल छोड़ा था। रूम नंबर 308 में फंसे हुए शख्स को मोबाइल के जरिए ट्रेस किया जा रहा है। रेस्क्यू आपरेशन जारी है।