राकेश केसरी
सीसीटीवी कैमरे में दो लोग बकरी भरते दिए दिखाई
एक महीने में तीन अन्य गांवों से बकरियों को कार में भर ले गए है बदमाश
कौशाम्बी। करारी में बदमाशों के हौसले काफी बुलन्द है। बुधवार की रात थाना के ठीक सामने बदमाश दरवाजे के सामने बंधी बकरी को कार में भर ले गए। सुबह जानकारी होने पर सीसीटीवी में देखा गया तो दो लोग कार से मुंह बांधकर उतरते दिखाई दिए। सूचना पर पुलिस बदमाशों के खोजबीन में जुट गई है। करारी थाना के ठीक सामने बजरंग यादव परिवार के साथ रहते है। थाना के ठीक बगल उन्होंने चाय-पान की दुकान खोल रखी है। रात करीब साढ़े दस बजे बजरंग यादव खाना खाने के बाद सो गए। रात करीब दो बजे जब कुत्तों के ज्यादा भौकने की आवाज पर बजरंग यादव ने उठकर देखा तो उसकी बकरी गायब थी। काफी देर तक बकरी को खोजते रहे। लेकिन कुछ पता नही चल सका। सुबह बजरंग की चाय-पान की दुकान के बगल में सोनू जायसवाल के घर मे लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया। रात करीब १२ बजकर ४५ मिनट पर कैमरे में बिना नम्बर की आसमानी रंग की स्विफ्ट डिजायर कार चैराहे की ओर से आते दिखाई दी। कार में एक युवक बैठा है। दो लोग कार से उतर कर बकरी की रस्सी काटकर कार में भरकर भरवारी की ओर जाते दिखाई दिए। इसी तरह छिमिरछा गांव व नेवारी गांव से भी बदमाश एक महीने के अंदर कई बकरियों को खोल कर कार में भर ले गए। सूचना पुलिस की दी गई। पुलिस सिर्फ लकीर पीटने के बाद ठंडी हो गई। छिमिरछा गांव में बदमाश 18 सितंबर की रात अतीक अहमद के तीन बकरे व दो बकरी कार (बुलेरो) में भर ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसी तरह नेवारी गांव के ओमियान व इमरान की दो बकरा व दो बकरी बदमाश कार में भर ले गए। इसी तरह रहीमपुर मोलानी गांव के लालचंद कोटेदार के दरवाजे पर बंधी छह बकरी को बदमाश तीन अक्तूबर को खोल कर कार में भर ले गए। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन दिया। लेकिन आज तक कुछ पता नही चल सका।