राकेश केसरी
कौशाम्बी। एक वक्त था जब मिट्टी के बर्तनों में खाना बनाया जाता था। पानी की बूंदें इनमें पड़ते ही उठने वाली सोंधी.सोंधी खुशबू के लोग दीवाने थे। जैसे.जैसे समय बदलता गया उनके रहन.सहन में भी बदलाव आया। अब लोग मिट्टी के बर्तन की जगह प्लास्टिक की बनी चीजों का इस्तेमाल करते हैं। विद्युत झालरों के आ जाने के कारण लोग अपने घर की साज सज्जा इन्हीं से करते हैं। पहले दिपावली पर मिट्टी के बने दिए जलाए जाते थे,परंतु पुरानी परंपरा बंद होती जा रही है। इसके कारण मिट्टी के घड़े,दीया और मूद्दतयां बनाने वाले कुम्हार मुश्किल हालातों से गुजर रहे हैं। एक समय था जब लोग कुम्हार के हाथ से बने दीये को भगवान के सामने जलाकर घरों को रोशन तो करते ही थे, छतों की मुंडेर और घर के बाहर भी रखकर रोशनी बिखेरते थे। अब आधुनिक सुविधाओं की वजह से परंपराओं को भूल रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उनकी जिंदगी पर पड़ता है। जो इसी के जरिए रोजी रोटी कमा रहे हैं। हालत यह है कि आज कुम्हार व इस धंधें से जुड़े लोग गुमनामी की जिंदगी जीने पर मजबूर हैं। पहले प्लास्टिक व स्टील के बर्तनों ने उनकी आय के साधनों का आधा कर दिया। इसके बाद पीओपी ने कुम्हारों को सड़क पर लाकर पटक दिया है। अब चाइना से आ रही दीपक व मूर्तियों ने उन्हे दूसरे काम करने पर मजबूर कर दिया है। क्षेत्र में इस धंधे में जुड़े लोगों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि दस सालों से प्लास्टिक पीओपी और चाइना के सामानों ने उनके काम पर गहरी चोट की वहीं मिट्टी की बढ़ती कीमतों ने आग में घी डालने का काम किया। इसकी वजह से लगभग सत्तर फीसद कुम्हार अपने पैत्रिक व्यवसाय को छोड़कर दूसरा काम करने लगे। कुम्हारी कला व्यवसाय से जुड़े नारा गांव के अजरुन कुम्हार ने बताया कि पहले दीपावली के समय में वह मिट्टी के दिए बेचकर परिवार के खाने के लिए छह माह का राशन इकठठा करते थे। वहीं वर्तमान में तो रोज की मजदूरी भी निकाल पाना मुश्किल हो रहा है। पुरानी परंपरा कायम रहे इसके लिए वह इस धंधे से जुड़ा हुआ है। जबकि बाजार में जब मिट्टी के बने बर्तन व दीये लेकर वह बेचने को जाता है तो चाइनीज व विद्युत के बने उपकरणों के सामने इसके मिट्टी के बने बर्तन को कोई नही पूछता। वहीं जो थोड़ी बहुत बिक्री होती भी है,लागत ही निकल पाती है, क्योंकि मिट्टी भी अब खरीदनी पड़ रही है।
प्रशासन से भी नही मिल रही मदद
मिट्टी के बर्तन व दीये बनाने के लिए कुम्हार मिट्टी खरीद कर लाना पड़ता है। तब जाकर बना कर बाजार में बेचता है। इसके लिए शासन द्वारा गांव में मिट्टी के लिए पट्टे अवांटित किए जाते थे। परंतु बदलते परिदृश्य में प्रशासन के द्वारा इस जाति के लोगों को कोई सुविधा नही मुहैया कराई जा रही है।
बल्ब व झालरों से पटा बाजार
दीपावली का पर्व आने को है। ऐसे में क्षेत्र के बाजारों की दुकानों में घर की साज सच्जा के लिए बल्ब व झालर,ट्यूब लाइटों की दुकानों में भरमार है। इनकी खरीददारी के लिए लोगों को खासी भीड़ लगी रहती है। ज्यादा महंगे दाम से लोग इनको खरीदतें है। जबकि मिट्टी की बनी दीयों की तरह लोगों का रूझान नही रहता।
खाद्य तेलों की बढी कीमत से,लोग नही खरीद रहे दिएं
मंहगाई की मार बीते वर्ष से समाज का हर तबका झेल रहा है,सबसे ज्यादा अगर कोई परेशान है,तो वह मध्यम वर्गीय परिवार के साथ मजदूर वर्ग,वही खाद्य तेलो की मंहगाई से इस बार मिट्टी की दिये बनाने वालो के सामने गंभीर संकट खडा कर दिया है। खाद्य तेल बाजार में 180 से लेकर 200 रुपए तक में मिल रहा है। अगर कोई अपने घर में दीपक जलाने की सोच रहा है,तो उसे कम से कम दो सौ रुपए खर्च करने पडेगे,जबकि 40 से 50 रुपए की मोमबत्ती में ही उसका काम चल जा रहा है।
दीपावली पर्व पर निर्वाध रूप से होगी विद्युत आपूर्ति
कौशाम्बी। दीपावली प्रकाश का पर्व है। इस दिन लोग घरों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाते हैं। झालर व सजावटी बल्ब हर घर की सुंदरता में चार चांद लगा देता है। पर्व में बिजली विभाग की ओर से खलल न पड़े। इसके लिए कटौती मुक्त आपूर्ति की तैयारी है। शासन की ओर से भी निर्देश जारी किया गया है। जिले के सभी सब स्टेशनों में बाधा रहित बिजली पहुंचाने के लिए जिले स्तर पर भी तैयारी पूरी है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बाधा रहित आपूर्ति का निर्देश ट्रांसमीशन को मिला होगा। फिलहाल हमारी ओर से कटौती मुक्त आपूर्ति की पूरी तैयारी है। जो बिजली मिलेगी बिना किसी बाधा के वह सप्लाई की जाएगी। इसके लिए चायल व मंझनपुर डिवीजन को निर्देश जारी किया गया है। यहां से सभी सब स्टेशनों को निर्देश दिया गया है। पर्व में आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
हुई फाल्ट तो तुरंत पहुंचेगे कर्मचारी
पर्व के दौरान बिजली व्यवस्था किसी प्रकार से बाधा नहीं बनेगी। इसके लिए कर्मचारियों को स्पेशल निर्देश दिया गया है। यदि कही से कोई फाल्ट या ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना आती है तो विभागीय कर्मचारी उसे तुरंत ही सही करेंगे। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जैसे ही किसी स्थान से सूचना मिलती है। उसके सही करने के लिए कर्मचारी तुरंत रवाना हो जाएंगे।

Today Warta