राकेश केसरी
हादसे में गंभीर रूप से घायल साथी का अस्पताल में चल रहा इलाज
कौशाम्बी। गोराजू नंदा का पूरा पेट्रोलपंप के पास सोमवार की दोपहर बाइक सवार एक युवक को तेज गति अनियंत्रित टैंकर ने पीछे से रौंद दिया। घटनास्थल पर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने भाग रहे टैंकर को रोक लिया। चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने स्वजनों को इसकी सूचना दी। थोड़ी देर में वह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कौशाम्बी के सिंघवल का पूरा गांव निवासी स्व0 श्यामलाल का 20 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार सिंह अपने साथी रघुराज सिंह के साथ ननिहाल बाकरगंज गए थे। दोनों बाइक से दोपहर को वापस सिंघवल का पूरा अपने घर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गोराजू के नंदा का पूरा पेट्रोलपंप से थोड़ा आगे पहुंची। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। जितेंद्र कुमार सिंह बाइक से गिरकर टैंकर के सामने आ गए। उनको टैंकर ने कुचल दिया। जबकि रघुराज सिंह दूसरी ओर गिरे। उनको गंभीर चोटें आई है। हादसा होते ही आसपास के लोगों ने ट्रैंकर को दौड़ा लिया। कुछ दूर जाने के बाद चालक ट्रैंकर छोड़कर भागने लगा। इस पर लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसी बीच जानकारी पर पश्चमशरीरा पुलिस भी वहां आ गई। पुलिस ने ट्रैंकर को कब्जे में लेकर चालक को भी हिरासत में ले लिया। इसी बीच लोगों ने घायल को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही जानकारी मिलते ही उनके परिवार व ननिहाल के लोग भी रोते बिलखते वहां आ गए। बताया जा रहा है कि जितेंद्र छह भाइयों में सब से छोटा है। सभी भाई गांव में रहकर खेती किसानी से जुड़े थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Today Warta