इन्द्रपाल सिंह 'प्रिइन्द्र'
ललितपुर। शताब्दी वर्ष समापन समारोह का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ के मुख्य आतिथ्य एवं अशोक कुमार गौतम कार्यकारी अध्यक्ष की अध्यक्षता तथा संरक्षक जी.एस.शुक्ल एवं प्रांतीय महामंत्री केदारनाथ तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य में एक समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दी और अपने स्तर से शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। समारोह में बोलते हुए संघ के प्रांतीय महामंत्री केदारनाथ तिवारी ने कहा कि राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 5 अक्टूबर 1922 से मान्यता प्राप्त संगठन है। वर्ष 5 अक्टूबर 2021 को कोरोना महामारी के कारण शताब्दी वर्ष का शुभारंभ वर्चुअल रूप से प्रारंभ किया गया था। जिसका मुख्य आयोजन 31 दिसंबर 2021 को राजकीय जुबली इंटर कॉलेज लखनऊ में जिला विद्यालय निरीक्षक, जनपद लखनऊ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर पूरे वर्ष भर की कार्ययोजना तैयार कर शताब्दी वर्ष में निरंतर संगठन को ससक्त एवं सुदृढ़ किये जाने के साथ एकता की दिशा में विभिन्न प्रयास किए गए। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा शासन स्तर, विभाग एवं संगठन स्तर पर पत्र व्यवहार एवं वार्ताये आयोजित कर संगठन को एकता प्रदान करने हेतु अथक प्रयास किए गए। जिनकी सकारात्मक भूमिका भी सामने आने लगीं हैं। किंतु खेद के साथ लिखना पड़ रहा है कि कुछ वरिष्ठ साथियों एवं वर्तमान पदाधिकारियों द्वारा सकारात्मक भूमिका में वान्क्षित सहयोग न करने के कारण आज हम शताब्दी वर्ष समापन के अवसर पर भी एक नहीं हो सके हैं। शताब्दी वर्ष के समापन समारोह 5 अक्टूबर 2022 को दशहरा अवकाश के कारण हम सभी साथी फिर फिजिकल रूप में उपस्थित ना रहकर वर्चुअल रूप से समापन समारोह मना रहे हैं। इस समापन समारोह के अवसर पर संगठन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर एवं कल 6 अक्टूबर 2022 से हम 101वें वर्ष में प्रवेश करेंगे। इस अवसर पर हम संगठन के समस्त वरिष्ठ साथियों एवं वर्तमान पदाधिकारियों तथा सेवारत एवं सेवानिवृत्त संगठन के सक्रिय साथियों से अनुरोध करते हैं कि संगठन को सुदृढ़, सशक्त एवं विभाग व शासन स्तर पर प्रभाव कारी कार्यवाही किए जाने हेतु संगठन की एकता आवश्यक है। संगठन को एक किए जाने हेतु सतत प्रयास किए जाने चाहिए। शताब्दी वर्ष समापन समारोह के अवसर पर पुन: संगठन को सौ वर्ष पूर्ण होने पर पर शिक्षक संघ के बरेली मंडल अध्यक्ष सुभाष डोभाल और लखनऊ मंडल के अध्यक्ष केके शुक्ला, लखनऊ जनपद के अध्यक्ष जेड.आर.खान, प्रांतीय उपाध्यक्ष शालिग्राम प्रजापति, सोनभद्र से अमर सिंह, मांडलिक मंत्री जय सिंह अपर्णा पांडे, सीतापुर जीजीआईसी हमीरपुर की प्राचार्य शहर में जनपद के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर ललितपुर जनपद से रामसिंह राजपूत, राहुल जैन सहित कई जनपदों की दर्जनों शिक्षकों ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय कार्यकारिणी मंत्री अशोक कुमार एवं हेमंत कुमार तिवारी ने किया।