राजेंद्र प्रसाद मिश्रा
बारा।तहसील बारा क्षेत्रान्तर्गत विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम सभा देवरा में निर्माणाधीन अमृत सरोवर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। देवरा का रानी तालाब केवल ग्रामीणों को ही नहीं, वरन आने-जाने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ग्राम प्रधान रत्नाकर सिंह ने बताया कि इस तालाब में प्राचीन शिव-मंदिर भी है जो किसी ज़माने में राजा-महाराजाओं का हुआ करता था,और इसी मन्दिर में ग्रामीण व महाराजाओं के परिवार के लोग भी पूजा-अर्चना करने आते थे।लेकिन कई वर्षों से यहाँ तक आने-जाने का रास्ता बाधित होने से कोई पूजा-पाठ करने नहीं आता था,मन्दिर भी धीरे-धीरे खंडहर का रूप लेता जा रहा था।गाँव के लोग ही तालाब में खेती करने लगे थे और रास्ते को भी बन्द कर दिये थे।लेकिन देवरा ग्राम सभा के युवाओं ने सर्वप्रथम मन्दिर व तालाब तक आने-जाने वाले रास्ते को खाली करवाकर सड़क मार्ग का निर्माण कराया,ताकि मन्दिर और तालाब तक वाहन या ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा न हो।ग्राम प्रधान की पहल पर अस्तित्व खो रहे तालाब को अमृत सरोवर के रूप में चिन्हित किया गया,और सौंदर्यीकरण के लिए काम भी चालू करवा दिया गया, जोकि क्षेत्र में चर्चा का विषय बनता जा रहा है।ग्राम सभा देवरा के ग्रामीण प्रधान के कार्यों से बेहद प्रशन्न हैं और प्रधान के साथ साथ सरकार का भी आभार जताते नहीं थक रहे हैं।ग्राम प्रधान रत्नाकर सिंह ने कहा कि मैं अपने गाँव के चहुँमुखी विकास के लिए सदैव तत्पर रहूँगा, प्रधानी तो बस पांच साल ही रहेगी, इसके बाद मैं भी यहाँ का वोटर हो जाऊँगा, इसलिए जब तक प्रधान हूँ, विकास के पथ पर चल पड़ा हूँ।

Today Warta