देश

national

किसानों की समस्याओं का शीघ्र हो निस्तारण : मोर्चा

Wednesday, November 2, 2022

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र

प्रगतिशील किसान जन मोर्चा ने पीएम, सीएम को भेजा ज्ञापन

ललितपुर। जनपद के किसानों की लम्बे समय से चली आ रहीं समस्याओं के खिलाफ प्रगतिशील किसान जन मोर्चा ने घण्टाघर मैदान पर धरना प्रदर्शन करते हुये सात सूत्रीय समस्याओं का एक ज्ञापन प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व स्थानीय प्रशासन को भेजा है। ज्ञापन में किसान नेताओं ने बताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं का स्थानीय स्तर पर बैंक, बीमा कम्पनियों, राजस्व कर्मियों व सरकारी नोडल विभाग द्वारा सही समय पर पारदर्शी क्रियान्वयन न किये जाने से किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही किसानों को पारदर्शी प्रक्रिया का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के बढ़ते आक्रोश के चलते मोर्चा आंदोलन व सत्यागृह करते हुये समस्याओं के निस्तारण की मांग करता है।

समस्याओं को लेकर बताया कि खरीफ 2022-23 में जिन किसानों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा के अंतर्गत संस्थागत व व्यक्तिगत बीमा कराया था और उनकी फसल नष्ट हो गयी है, उन्हें बीमा क्लेम 25 प्रतिशत पन्द्रह दिन में दी जाये एवं शेष संपूर्ण क्लेम की धनराशि 30 दिन में दी जाये। कहा कि बीमा क्लेम की धनराशि रबी की फसल बुवाई के पहले दी जाये, ताकि किसान रबी फसल की बुवाई ठीक से कर सके। इसके अलावा उन्होंने अन्य समस्याओं के निस्तारण की भी मांग उठायी। किसानों की समस्याओं के निस्तारण न होने की दशा में आगे भी प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस दौरान संयोजक नवनीत शर्मा, उपाध्यक्ष ऊदल सिंह पटेल, केन्द्रीय अध्यक्ष बाबूलाल दुबे, संगठन मंत्री लल्लूराम शर्मा, कैलाश नांगल, रामसहाय, द्वारका प्रसाद निरंजन, यशप्रताप सिंह, दीपक पटेल, गोपीलाल, राजपूत सिंह, बहादुर पटेल के अलावा अनेकों किसान मौजूद रहे।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'