इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
ललितपुर। थाना नाराहट के ग्राम कलौथरा में संदिग्ध अवस्था में गोली लगने से एक युवक गम्भीर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक ने दो अज्ञात लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। वही उसके बड़े भाई ने युवक द्वारा स्वयं गोली मारने की बात कही है। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम कलौथरा निवासी 33 वर्षीय रामपाल साहू पुत्र मोतीलाल को शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे गोली लगने के कारण उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार करा रहे घायल रामपाल ने बताया कि वह शुक्रवार को शाम गांव के बाहर सजनाम बांध पर पट्टी पर बैठा हुआ था, तभी दो अज्ञात बाइक सवार आए और उसे गोली मारकर भाग निकले। गोली उसके सीने में जा लगी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी ओर, भाई हरिकिशन ने बताया कि वह शाम को आंगन में बैठा हुआ था। तभी उसके घर के पास में स्थित उसके भाई के कमरे में पटाखा चलने जैसी आवाज आई। जब वह मौके पर गया तो उसका भाई खून से लथपथ पड़ा था। पास में ही एक तमंचा पड़ा था। भाई ने बताया कि उसने स्वयं गोली मार ली है। इसके बाद वह उसे तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र बिरधा में ले गया, जहां से उसे उपचार के लिए ललितपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।