देश

national

नगर पालिका में विकास की उम्मीद बनकर उभरेंगी किरन

Saturday, December 17, 2022

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र

अध्यक्ष पद के लिए सत्तादल से एक मात्र महिला किरन सेन ने किया आवेदन

ललितपुर। नगर पालिका परिषद के प्रतिष्ठापूर्ण अध्यक्ष पद के लिए जहां एक ओर दो दर्जन से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी में आवेदन किया है, तो वहीं नारी शक्ति की कमान थामकर महिलाओं के एक बड़े समूह को भाजपा में शामिल कराने का श्रेय लेने वाली भाजपा जिला उपाध्यक्ष किरन सेन ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया है। महिला उम्मीदवार के रूप में किरन सेन वह पहली महिला हैं, जिन्होंने नगर के चहुंमुखी उत्थान के लिए एक सकारात्मक सोच के साथ विकास मॉडल को लेकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया है। उन्होंने भाजपा के स्थानीय व शीर्ष नेताओं को बड़ी जीत दर्ज करने का भरोसा दिलाया है।

गौरतलब है कि भाजपा की निकाय चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में शामिल हुये निकाय चुनाव प्रभारी पवन गौतम, जिला प्रभारी अनिल यादव, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा व जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन चूना को संयुक्त रूप से आवेदन प्रेषित करते हुये किरन सेन ने नगर में विकास का नया मॉडल बताया। किस प्रकार से नवीन योजनाओं के जरिए लोगों को पक्की सड़कें, पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था, महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए कार्य, बच्चों के लिए सुन्दर व स्वच्छ पार्क, धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता और सुन्दरता के लिए कार्य, स्वच्छकारों के कल्याणार्थ योजनायें व बोर्ड के सभी सदस्यों की सहमति से नगर के प्रत्येक कौने तक कार्य कराने के लिए प्रतिबद्धता दोहरायी। बताते चलें कि किरन सेन वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त हैं। इसके पूर्व वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इन्होंने आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी करायी थी, तब से चर्चाओं में आयीं। पार्टी ने कार्यक्रम की सफलता को लेकर किरन सेन को भाजपा महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया। जिलाध्यक्ष बनने के बाद किरन सेन ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और पार्टी की नीतियों को आमजन व खासकर महिलाओं तक पहुंचाने में जुट गयीं। यह भी एक बड़ा कारण माना गया कि ललितपुर में विधानसभा चुनाव के दौरान अन्य राजनैतिक दलों के सापेक्ष भाजपा में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही। करीब ढ़ाई वर्षों तक पार्टी के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य किया, जिसके बाद इनके कार्यों को सराहते हुये भाजपा के कानपुर क्षेत्र के शीर्ष नेताओं की संस्तुति पर किरन सेन को भाजपा की मुख्य कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेवारी सौंपी गयी। तब से अब तक जनसेवा के कार्यों को करती आ रहीं है। अब किरन सेन नगर में बेहतर सड़कें, नालियां, स्वच्छता और विकास कार्यों को करते हुये एक बेहतर माहौल देने का प्रयास करने के लिए नगर पालिका के प्रतिष्ठापूर्ण पद के लिए भाजपा में अपना आवेदन किया है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'