इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
घण्टाघर पर किया दीप प्रज्जवलन, एक-दूसरे को खिलाया मिष्ठान
ललितपुर। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वाधान में संगठन की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्ण जयंती वर्ष मनाते हुए श्रीजगदीश मार्केट स्थित कार्यालय पर जिले के समस्त व्यापारी पदाधिकारी एकत्रित हुए तथा स्वर्ण जयंती केक काट कर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। इसके बाद घंटाघर पर पहुंचकर सभी व्यापारियों ने दीप प्रज्वलन किया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की स्थापना अब से 50 वर्ष पूर्व वाराणसी में हुई थी। इस संगठन की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर प्रांतीय संगठन के निर्देश पर व्यापारी समाज प्रदेश भर में स्वर्ण जयंती दिवस मना रहा है। इस वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रम करने की योजना है। प्रांतीय संगठन के निर्देश पर ललितपुर के व्यापारियों ने श्रीजगदीश मार्केट कार्यालय में एक विशाल स्वर्ण जयंती केक जिलाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में काटा तथा सभी व्यापारियों और पदाधिकारियों को केक खिलाकर खुशियां मनाई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अब से 50 वर्ष पहले व्यापारी इंस्पेक्टर राज से बुरी तरह परेशान थे। लाला विशंभर दयाल तथा पं.श्याम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में व्यापार मंडल का गठन वाराणसी में हुआ था। इन नेताओं के नेतृत्व में संगठन ने अनेक लड़ाइयां लड़ते हुए व्यापारियों को सम्मान से व्यापार करने की स्थिति में खड़ा किया। व्यापारी आज अपना व्यापार सम्मानजनक तरीके से कर पा रहे हैं। इसके लिए हमारे 13 से अधिक व्यापारियों ने संघर्ष करते हुए अपनी शहादत भी दी है। इन व्यापारियों की शहादत को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज भी व्यापार करने में अनेक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। जिनका समय-समय पर संगठन विरोध करते हुए सरकार से अपनी मांगे पूरी करवाता है। उन्होंने व्यापारियों से एकजुटता से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। स्वर्ण जयंती केक काटने के बाद सैकड़ों की संख्या में व्यापारी घंटाघर के मैदान में पहुंचे। जहां घंटा घर पर नारेबाजी करते हुए दीप प्रज्वलन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी, महामंत्री अनिल जैन, प्रांतीय संगठन मंत्री लखन लाल अग्रवाल, गल्ला मंडी अध्यक्ष अशोक जैन, नवीन सिंघई, महेश जैन, मज्जू सोनी, पंकज विरधा, विजय, राहुल, अवध बिहारी उपाध्याय, मोहम्मद नईम, जयनारायण शर्मा, राजीव सुडेले, अंकित जैन सतभैया, आलोक जैन पार्षद आदि अनेक व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

Today Warta