इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
अतिशय क्षेत्र गिरारगिरी में फरवरी में आयोजित होगा पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव
सड़क, सुरक्षा, पानी की व्यवस्था के लिए दिया ज्ञापन
ललितपुर। जनपद के मड़ावरा विकासखंड में श्रीदिगम्बर जैन आदिनाथ अतिशय क्षेत्र गिरार गिरी स्थित है। यहां आगामी 17 से 22 फरवरी 2023 तक श्रीमज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं रथोत्सव का आयोजन आध्यात्मिक संत आचार्य श्रीविशुद्धसागरजी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में होने जा रहा है। उक्त आयोजन के संबंध में पंचकल्याणक महोत्सव समिति एवं श्रीदिगम्बर जैन आदिनाथ अतिशय क्षेत्र गिरार गिरी के पदाधिकारियों ने माननीय जिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह से भेंटकर आयोजन के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया एवं उक्त आयोजन संबंधी पत्र डीएम को भेंट किया। पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन प्रदान करने का अनुरोध किया तथा अपेक्षित सुविधाओं के बारे में अवगत कराया। मुलाकात एवं आमंत्रण देने वालों में राजकुमार जैन, अशोक रावत, सूरज चौधरी, अजित जैन, आशीष चौधरी, अभिषेक दीपू, डा.सुनील जैन आदि प्रमुख रहे। इस मौके पर क्षेत्र के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, फायर ब्रिगेड, पुलिस, बिजली, पानी, सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं के लिए सहयोग के लिए ज्ञापन दिया। उल्लेखनीय है कि पंचकल्याणक महोत्सव जैनधर्म का महत्त्वपूर्ण एवं विशिष्ट आयोजन है जिसमें पाषाण को विधि विधान के साथ संस्कारित कर पूज्य बनाया जाता है। आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रतिष्ठित होने के लिए प्रमुख मूर्तियां तैयार हो गयी हैं।