देश

national

गतिविधि आधारित शिक्षा से नौनिहालों का बढ़ा ज्ञान

Wednesday, December 28, 2022

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र

आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकित बच्चों की शिक्षा में यू-ट्यूब बना सहायक

ललितपुर। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गतिविधि आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस मामले में आंगनबाड़ी केंद्र पटौराकलां की कार्यकर्ता ने नवीन प्रयास करने की कोशिश की है। उन्होंने डिजिटल तकनीक यूट्यूब को शिक्षण कार्य से जोड़ा है, जिसे बच्चों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। इससे मनोरंजन के साथ बच्चों के ज्ञान में वृद्धि हो रही है। डीपीओ नीरज सिंह ने बताया कि पटौराकलां की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र की गतिविधियों में काफी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों को सिखाने के लिए जो इनोवेटिव प्रयास किया है, वह सकारात्मक है। जिले की अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस तरह का इनोवेटिव प्रयास कर सकती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि बच्चों की चलचित्र में गहरी दिलचस्पी होती है। इसे ध्यान में रखकर यूट्यूब के शिक्षाप्रद गीत दिखाने का आइडिया मन में आया। फिर एक दिन कक्षा में बच्चों के बीच यूट्यूब के गीत दिखाएं तो बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। इसके बाद रोजाना यूट्यूब पर शिक्षाप्रद गीतों को दिखाना शुरू कर दिया। इससे बच्चों में सीखने व चित्र पहचानने की ललक बढ़ी है। यू ट्यूब पर बनाए गए शिक्षाप्रद गीत से बच्चो का भरपूर मनोरंजन भी हो रहा है। इसके अलावा बच्चों को शिक्षण सामग्री के माध्यम से पशु,पक्षी के नाम का ज्ञान, अक्षर ज्ञान व जोड़ घटाना कराते हैं। बच्चों के लिए अक्षर ज्ञान, जोड़ घटाना, फल, पशु, पक्षियों की पहचान करना आसान हो गया है। इसके अलावा गुड मार्निंग, गुड इवनिंग बोलना भी सीख गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र पटौराकलां में नामांकित पांच वर्षीय माही के पिता तुलाराम बताते हैं कि माही को आंगनबाड़ी केंद्र में काफी कुछ सीखने का अवसर मिला है। उसने कखग के साथ एबीसीडी कंठस्थ याद कर ली है। वह जानवरों के नाम लिख लेने के साथ चित्र देखकर पहचान भी लेती है। यू ट्यूब के शिक्षाप्रद गीत सीखने में काफी सहायक साबित हो रहे हैं।

इतने हैं नामांकित

आंगनबाड़ी केंद्र में तीन से छह वर्ष के बच्चों की संख्या 90, छह से तीन वर्ष तक के बच्चो की संख्या 92 है। इसके अलावा 22 गर्भवती,15 धात्री माताएं, अल्पवजन के 8 बच्चे हैं।

इन्होंने किया सम्मानित

6 जनवरी 2006 को पल्स पोलियो अभियान चलाया उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र जिलाधिकारी द्वारा प्रदान किया गया। माह अक्टूबर 2020 से अप्रैल 2021 तक मिशन शक्ति के अंतर्गत चलाए गए विशेष जागरूकता अभियान में मिशन शक्ति का सम्मान पत्र जिलाधिकारी द्वारा दिया गया। 8 मार्च को महिला एवं बाल विकास महिला कल्याण विभाग के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत गौरव सम्मान पुरस्कार प्रमाण पत्र जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा दिया गया। कोविड-19 के बचाव के प्रति आम जनमानस में जागरूकता के लिए सम्मान पत्र दिया गया। 18 नवंबर 2021 को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, राज्यमंत्री मनोहर लाल एवं सदर विधायक रामरतन कुशवाहा द्वारा सम्मानित किया गया। ईसीसीई संचालन के लिए प्रमाण पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा दिया गया। कृषि विज्ञान केंद्र ललितपुर बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बांदा उत्तर प्रदेश द्वारा गृह वाटिका के लिए प्रशंसनीय प्रमाण पत्र दिया गया।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'