राजीव कुमार जैन रानू
मछुआ समुदाय के लोगों ने लामबंद होकर सांसद को भेजा ज्ञापन
ललितपुर। प्रधानमंत्री मत्स्य योजना में मत्स्य पालकों व गरीब मछुआ समाज के लोगों को योजना का लाभ दिलाने के नाम पर अवैध वसूली किये जाने और योजना से वंचित रखने का आरोप लगाया गया है। इस सम्बन्ध में मछुआ समाज के लोगों ने लामबंद होकर क्षेत्रीय सांसद को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को भेजा है। शिकायती पत्र में समुदाय के लोगों ने मत्स्य विभाग के कर्मचारियों पर विपक्षी राजनैतिक दलों की विचारधारा का अनुपालन करने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र में पीडि़त समुदाय के लोगों ने बताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा मछुआ समुदाय के लोगों की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य योजना शुरू की थी। आरोप है कि उक्त योजना में मत्स्य पालकों ने करीब 16 सौ आवेदन किये थे, जिसमें अन्य समाज के लोगों ने भी आवेदन किये थे। आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों द्वारा गरीब मछुआ समुदाय के लोगों को उक्त योजना के लाभ से वंचित रखा जा रहा है। आरोप है कि सरकार द्वारा मत्स्य पालकों के लिए साइकिल आईस बॉक्स के योजना आयी थी, जिसमें चार हजार रुपये प्राप्त होने थे। लेकिन इस योजना में भी विभाग में तैनात कर्मचारी द्वारा 250 रुपये की अवैध सुविधा शुल्क की वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि सर्वे के नाम पर लोगों से रुपये वसूल किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अवैध सुविधा शुल्क लेते हुये मत्स्य विभाग के कर्मचारी का वीडियो भी साक्ष्य के रूप में मौजूद है। कहा कि उक्त कर्मचारी विगत 14 वर्षों से इसी विभाग में कार्यरत है, जिससे सरकार की छवि को धूमिल किया जा रहा है। उन्होंने सात दिवस के अंदर न्याय न मिलने पर पूरे समुदाय के लोगों द्वारा लामबंद होकर घण्टाघर मैदान पर भूख-हड़ताल किये जाने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देते समय सुरेन्द्र केवट, शिवराज रायकवार, अनिल भारती, सुखलाल, सुरेन्द्र निषाद, मनोज, शंकरलाल के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।

Today Warta