राकेश केशरी
कौशाम्बी। यूपी बोर्ड परीक्षा की सभी केंद्रों की वेबकास्टिग इस वर्ष भी होगी। पिछले वर्ष की तरह वेबकास्टिग में सुस्त नेटवर्क का रोना न हो, इसके लिए स्कूलों को हाईस्पीड इंटरनेट व ब्रॉडबैंड कनेक्शन के लिए कहा गया है। केंद्र बनने के लिए यह व्यवस्था अनिवार्य होगी। डीआइओएस एस0के0 मिश्र ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की गाइडलाइन के तहत स्कूलों से आधारभूत सूचनाओं में हाईस्पीड इंटरनेट व ब्रॉडबैंड कनेक्शन की अनिवार्यता का जिक्र किया है। इसके तहत आधारभूत सूचनाओं को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा 2023 केंद्र निर्धारण को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। जिला व तहसील प्रशासन की टीम ने स्कूलों का सत्यापन आधारभूत सूचनाओं के तहत कर लिया है। तहसीलवार एसडीएम ने डीएम अमित कुमार सिंह को रिपोर्ट दी है। डीआइओएस के अनुसार आधारभूत सूचनाओं की फीडिग परिषद की वेबसाइट पर कराई जा रही। शासन के आदेशानुसार पिछले वर्ष की तरह इस बार भी समस्त केंद्रों की वेबकास्टिग कराने का निर्देश है। इसके लिए तैयारियां शुरू हैं। सुस्त नेटवर्क की दिक्कत किसी भी केंद्र पर न हो, इसके लिए हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा को लेकर निर्देश जारी किया गया है, इसकी अनिवार्यता की गई है।

Today Warta