राकेश केशरी
कौशाम्बी। सड़क नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग की ओर से चेकिग कराने के निर्देश दिए गए है। इसके साथ ही रॉग साइड चलने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए है, जिससे हादसे की आशंका कम हो सके। विभाग की अधिकारी भी चेकिग में जुट गए है। सर्दी का मौसम आने के साथ ही हादसों की आशंका बढ़ जाती है। क्योंकि एक ओर कोहरे का असर बढ़ता है तो दूसरी ओर लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते है। परिवहन विभाग की ओर से दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट तो चार पहिया वाहनों के चालक के लिए सीट बेल्ट को अनिवार्य किया गया है। परन्तु इसके बाद भी लोग बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहनों को दौड़ाते रहते है, जिससे सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इन हादसों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जाता है। ऐसे में देखने में आया है कि कुछ लोग जल्दी के चक्कर में रॉग साइड से वाहन को दौड़ाते रहते है। इस प्रकार से हुए हादसे काफी खतरनाक साबित होते है, लेकिन जानकारी के बाद भी वाहन चालक इन नियमों का उल्लंघन करते है। परन्तु अब ऐसा नहीं हो सकेगा। क्योंकि परिवहन विभाग की ओर से हेलमेट व सीट बेल्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ के साथ रॉग साइड वाहन को चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई के निर्देश शासन नें एआरटीओ को दिए है।

Today Warta