रेलवे ट्रैक पर सुबह मिला शव पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज। बारा इलाके में एक प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद उनकी शादी करा दी गई है, लेकिन रात में अचानक युवक गायब हो गया और शनिवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस आत्महत्या मान रही है। इस घटना से दोनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बारा थाना क्षेत्र के असरवई निवासी राधे श्याम बिंद के बेटे रामेश्वर बिंद (21) का लोहगरा केवटान की एक युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो परिजन रामेश्वर पर शादी का दबाव बनाने लगे। वह विवाह करने से इंकार कर रहा था। मामला बारा पुलिस तक पहुंचा। शुक्रवार को दोनों परिवारों में समझौता हो गया। समझौते के तहत रामेश्वर को युवती से शादी करनी पड़ी। दोनों के परिजनों की उपस्थिति में बारा थाना परिसर के मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न हो गया। इस बीच रामेश्वर ट्रेन से कट गया। शनिवार सुबह जानकारी होने पर परिवार के लोग शव ले आए। परिवार में कोहराम मचा है। युवक ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई, इसको लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है। बारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।