राकेश केशरी
कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के टिकरा गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह बहुत देर तक दरवाजा न खुलने पर अनहोनी की आशंका पर परिजन कमरे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। वहां पंखे के चुल्ले से युवक का शव लटकता मिला। जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम पंचायत कोखराज का मजरा टिकरा गांव निवासी श्रीनाथ सरोज जो खेती किसानी कर अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करता है। उसका 28 वर्षीय बेटा सुनील कुमार पढ़े लिखे होने के बावजूद बेरोजगार था। आर्थिक तंगी से उबरने के लिए वह कुछ दिन पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर मुंबई कमाने गया था,किन्तु कोई भी रोजगार नहीं मिलने से वह महज 15 दिनों में ही घर लौट आया। परिजनों के मुताबिक तभी से वह गुमसुम रहता था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। शनिवार की देर शाम किसी बात को लेकर सुनील का पत्नी से विवाद हुआ था। जिससे नाराज होकर वह अलग कमरे में जाकर सो गया था। रविवार की सुबह जब सुनील का कमरा बहुत देर तक नहीं खुला तब परिजनों को अनहोनी की चिंता होने लगी। पत्नी और परिवार के अन्य लोग दरवाजा खटखटाते रहे किन्तु अंदर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। जिसके बाद परिजनों ने पहले दरवाजा तोड़ना चाहा लेकिन लोहे का दरवाजा लगा होने के चलते वह नहीं टूट सका। उसके बाद परिजनों ने कड़ी मशक्कत कर दीवार को तोड़ दिया और अंदर दाखिल हुए। परिजनों ने जब अंदर का नजारा देखा तो वह सन्न रह गए।

Today Warta