राकेश केशरी
कौशाम्बी। नगर पालिका मंझनपुर क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल मुराईन टोला में निमार्णाधीन क्लास रूम की छत गिरने से मरे मजदूर मामले में जांच की सुई अब बेसिक शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी तक जा पहुंची है। स्कूल प्रिंसिपल ने मामले में महज ठेकेदार को ही आरोपी बना कर तहरीर दी थी। जिसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर सदर थाना पुलिस जांच कर रही है। जांच के दौरान चश्मदीद मजदूरों ने निर्माण निगरानी से जुड़े अफसर पर ठेकेदार के पक्ष में दबाव बनाये जाने का बयान दिया है। प्राथमिक विद्यालय मुराईन टोला में 5 दिन पहले क्लास रूम की निमार्णाधीन छत स्लैब डालते समय ढह गई। जिसमें दबकर अम्बावा पूरब गांव के जितेंद्र सरोज पुत्र मूलचंद्र की मौत हो गई। शेष 3 मजदूरों को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जीवित बचा लिया। डीएम सुजीत कुमार के निर्देश पर मामले में प्रिंसिपल सैयद सरकार मेहदी ने ठेकेदार शिवकरन सरोज के खिलाफ गैर इरादतन का केस दर्ज कराया। मुकद्दमा दर्ज होने के बाद से ठेकेदार पुलिस के दर से फरार बताया जा रहा है। मंझनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मामले में नए खुलासे सामने आए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी दफ्तर में कार्यरत जिला समन्वयक निर्माण की अनदेखी से ठेकेदार खुलेआम घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर रहा था। चश्मदीद मजदूर रमेश कुमार ने अपने दिए बयान में बताया है कि स्लैब डालने के दौरान छत जिस पर आधार बना कर टिकी होती है, वह बीम टूट गई। जिससे सारा लोड बॉस बल्ली पर आ गया और वह तांस के पत्ते की तरह ढह गई। पुलिस ने निर्माण साइट के निरीक्षण में भवन के बचे अवशेष के बीम में मानक के अनुसार सरिया नहीं पाई। थाना पुलिस के जांच अधिकारी के मुताबिक जल्द ही वह जिला समन्वयक निर्माण को नोटिस देकर तलब कर उनकी भूमिका की जांच करेंगे। कुछ एक चश्मदीद मजदूरों ने भी उन पर ठेकेदार के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाये जाने की बात कही है। बेसिक शिक्षा विभाग के दफ्तर से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान सत्र में प्राइमरी-जूनियर स्कूल में कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 12 भवन स्वीकृत हुए है। जिनमे प्रत्येक की लागत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रहे है। शिक्षा विभाग से लीक हुए एक लेटर के मुताबिक निर्माण ने अपने चहेते ठेकेदार से निर्माण कार्य कराया। जिन स्कूल के प्रिंसिपल ने ठेकेदार के जरिये निर्माण को सहमति नहीं दी उन पर दबाव बना कर काम कराया गया है। प्राइमरी स्कूल गडेरियन का पूरा के प्रिंसिपल धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी ने निर्माण के कारनामे से प्रताड़ित होकर बीएसए प्रकाश सिंह को पत्र लिख कर कार्रवाई की मांग की है। बीएसए प्रकाश सिंह ने बताया, प्रकरण में पुलिस जांच की जा रही है। इस कारण वह मामले में कुछ भी नहीं जानकारी नहीं दे सकते। निर्माण की शिकायत के प्रकरण में उन्होंने बताया कि प्रार्थना पत्र में मिली शिकायत की जांच करा कर कार्यवाही करेंगे।

Today Warta