राकेश केशरी
कौशाम्बी। सैनी पुलिस ने होली पर्व से पहले अवैध शराब माफिया के खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। अवैध शराब बनाने वाले हेमराज उर्फ राजाबाबू व् उसकी पूरी गैंग के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि हेमराज उर्फ राजाबाबू की गैंग दूध डेरी की आड़ में अवैध शराब बनाकर सप्लाई किया करता था। होली त्यौहार के मद्देनजर पुलिस को जानकारी मिली कि खरकापर मजरा घुमाई गांव के रहने वाला हेमराज उर्फ राजा बाबू पुत्र रामशरण एक संगठित गिरोह चलाता है। जिसके सक्रिय सदस्य राहुल गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता, आकाश पुत्र प्रमोद, हरीश चंद्र पुत्र माता बदल, विवेक सिंह पुत्र हेमराज उर्फ राजाबाबू,धर्म पासी पुत्र जोगी, शिव प्रसाद पुत्र रज्जू पासी हैं। शातिर किस्म का यह गिरोह महुए की अवैध शराब तैयार करता है। तैयार अवैध शराब गिरोह के सदस्य सुनियोजित तरीके से बेचकर आर्थिक लाभ कमाता है। हेमराज उर्फ राजा बाबू एक दूध की डेरी संचालित करता है। जिसकी आड़ में वह चोरी छुपे महुआ की कच्ची शराब बनाकर बेचता है। गिरोह के सभी सदस्य बेहद शातिर हैं। जिसके कारण आम जनता में उनका भय एवं आतंक व्याप्त है। सामान्य व्यक्ति उनके क्रियाकलाप की जानकारी व गवाही देने से डरता है। पुलिस ने तीन जनवरी को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हेमराज उर्फ राजा बाबू की डेरी के अंदर से महुआ की कच्ची अवैध शराब 360 लीटर बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के उपकरण, यूरिया, भारी मात्रा में लहन, एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। इसके अलावा गिरोह के सदस्यों पर अन्य आबकारी एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर भुवनेश चैबे के मुताबिक, हेमराज उर्फ राजा बाबू गिरोह का गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया गया है।

Today Warta