राकेश केशरी
कौशाम्बी। जिले में बारिश से फूलों की फसल खराब हो गई है। इससे बाजार में फूलों की कमी होने लगी है। इसका असर नवरात्र में गेंदा और गुलाब के फूलों के दाम पर पड़ रहा है। फूल महंगे होने के कारण नवरात्र में श्रद्धालुओं को दोगुना दाम पर फूल खरीदना पड़ रहा है। शीतलाधाम कड़ा क्षेत्र में आम के अलावा बड़े स्तर पर फूलों की खेती की जाती है। यहां गेंदा, गुलाब, कनेर, चमेली, मोगरा की खेती की जाती है। दो दिन बारिश के बाद गेहूं व सरसों और सब्जी की फसल के साथ फूलों की फसल भी खराब हो गई है। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण लगभग 60 प्रतिशत फसल का नुकसान हुआ है। फूलों की फसल खराब होने से फूलों के दाम दोगुने तक बढ़ गए हैं। नवरात्र में श्रद्धालुओं को पूजा के लिए अधिक दाम में फूल खरीदना पड़ रहा है।
प्रशासन नहीं देगा मुआवजा
फूलों की खेती करने वाले किसानों को प्रशासन की ओर से कोई मुआवजा नहीं मिलने वाला है। न ही इनको सर्वे में शामिल किया गया है। किसानों के अनुसार, आंधी, बारिश व ओलावृष्टि से लगभग आठ हेक्टेयर फसलों का नुकसान हुआ है। इनमें फूलों की खेती को शामिल नहीं किया गया है। फूलों की खेती करने वालों को भारी नुकसान हुआ है,लेकिन उनके बारे में तहसील प्रशासन चर्चा तक नहीं करना चाहता। जिला कृषि अधिकारी मनोज गौतम ने बताया कि लगभग आठ हजार हेक्टेयर फसल का नुकसान हुआ है। किसानों की रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द ही इनको मुआवजा दिलाया जाएगा। फूलों की खेती के लिए फिलहाल कोई व्यवस्था नहीं है।

Today Warta