राकेश केशरी
कौशाम्बी। करारी थाना क्षेत्र के शाहपुर टिकरी गांव में ब्याही युवती महीने भर पहले संदिग्ध दशा में रास्ते से लापता हो गई। खोजबीन के बाद भी विवाहिता का कहीं पता नहीं चल सका है। लापता विवाहिता की मां ने पति व ससुरालवालों पर जान से मारने की नीयत से गायब करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शाहपुर टिकरी गांव की सविता देवी पुत्री मिश्री लाल की डेढ़ साल पहले गांव में ही अरुण के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद विवाहिता पति के साथ मुंबई चली गई। महीने भर पहले वह पति के साथ मुंबई से घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह रास्ते से संदिग्ध दशा में लापता हो गई। बेटी के गायब होने की जानकारी मायके वालों को हुई वह अवाक रह गए। खोजबीन के बाद भी विवाहिता का कहीं पता नहीं चल सका। लापता विवाहिता की मां जगपतिया का आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उसकी बेटी को ससुरालवालों ने गायब कर दिया है। थाने में पीड़ित मां ने मामले की नामजद शिकायत की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पति अरुण कुमार, देवर भईय्यन, मनु, विनोद, ससुर भैयन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि विवाहिता रास्ते से गायब हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Today Warta