आलोक मिश्र/राजीव गुप्ता
युवा बोले-करेगे स्वच्छ व ईमानदार प्रत्याशी का चुनाव,बनाएगें अच्छी सरकार
कौशाम्बी। रंग बरसेगा, नूर बरसेगा,मतदान का दिन तो आने दीजिए,वोटरों का बादल जरूर बरसेगा। हम बादल बनकर मतदेय स्थलों पर बरसेंगे। हर हाल में अपने मताधिकार का प्रयोग करके ही दम लेंगे। इस बार कोई भी व्यवधान मतदान के दिन रोड़ा नहीं बनेगा। हमें अपने कर्तव्य का एहसास है। हम बनाएंगे अपना भविष्य। चुनेंगे अच्छी सरकार,सही नेता का चुनाव करेंगे। किसी के प्रलोभन में नहीं आयेंगे। अपने मताधिकार की ताकत दिखाएंगे। रविवार को नगर पंचायत सरायअकिल के मतदाताओं ने बातचीत के दौरान कुछ इसी तरह की भावनाएं व्यक्त की। सभी ने कहा हम अपने परिवार के साथ मतदान करेंगे। हमें हमारे अधिकार की अनुभूति है। शुभम रस्तोगी कहते हैं सभी को मतदान का महत्व समझाना है। अब घरों में बैठ कर किसी को दोष देने से काम नहीं चलेगा। बूथ तक जाना ही होगा। एक ईमानदार नेता को चुनकर नगर अध्यक्ष बनाना है। अमन साई कहते हैं अपनी मेहनत से व्यापारी कमाते हैं। तमाम तरह की परेशानियों का सामना करते हैं। कम से कम ऐसा नेता हो जो सभी के साथ अच्छा सलूक करे और व्यापारियों के हितों की अनदेखी न करें। हमें जाति धर्म के दायरे से बाहर निकल कर नगर अध्यक्ष को चुनना है। शंकर अग्रहरी का कहना है कि जब तक सौ प्रतिशत व्यापारी मतदान नहीं करेंगे तब तक तस्वीर नहीं बदलेगी। हम चाहते हैं व्यापार से जुड़े सभी मतदाता एक अच्छे नगर अध्यक्ष को चुने। गोपाल जायसवाल कहते हैं नगर में बेहतर सरकार बनाने का काम हम वोटरों का है। हम ही मतदान के दिन सुस्त पड़ जाते हैं। फिर पांच साल तक पछताते हैं कि हमारे लिए यह नहीं किया गया वह नहीं किया गया। इससे बेहतर है हम स्वयं ऐसे व्यक्ति को चुन ले जो हमारी पसंद का नेता हो। राम जी जायसवाल काफी उत्साहित हैं। कहते हैं यह लोकतंत्र का पर्व है। हम सभी इसे जश्न के साथ मनाएंगे। मतदान करेंगे,अपना नेता चुनेंगे। अरविन्द्र देववंशी कहते हैं राजनीतिक दल अभी तक हमारे वोट की ताकत नहीं देखे हैं। इस बार अपनी ताकत दिखाएंगे। एक भ्रष्टाचार मुक्त इंसान को ही चुनेंगे। झगडू पासी का विचार है कि सभी मतदाता यह संकल्प लें कि पहले मतदान करेंगे फिर जलपान का नम्बर आएगा। कहा नगर अध्यक्ष ऐसा हो जो व्यापारियों के हितों की सुरक्षा करने वाला हो, शुशांन्त त्रिपाठी कहते हैं व्यापारियों का पग पग पर उत्पीडन किया जाता है। गाढ़े वक्त पर कोई साथ नहीं देता। हमें ऐसे नगर अध्यक्ष की आवश्यकता है जो संकट की घड़ी में साथ दें। राजीव गुप्ता का कहना है कि जो जनता का प्रिय हो उसे ही चुना जाना चाहिए। इसमें पार्टी का ध्यान नहीं रखा जायेगा। प्रत्याशी की योग्यता ही सब कुछ रहेगी। धीरज पाठक का कहना है कि नगर में शिक्षा,चिकित्सा,पेयजल,जल निकासी आदि की समस्याओं का समाधान करने वाला नगर अध्यक्ष होना चाहिए। कहा यह काम मतदान से ही होगा।