राजीव कुमार जैन रानू
सदर विधायक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
ललितपुर। जनपद में संचारी रोगों के खिलाफ अभियान शुरू हुआ। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कालेज से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की रैली निकाली गई। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। सदर विधायक ने बताया कि इस अभियान के तहत जहां घर-घर जाकर संचारी रोगों के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है वहीं इन रोगों को नियंत्रित करने के लिए जांच और तेज की जाएगी। जिलाधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए शासन के निर्देशानुसार गतिविधियां करना आवश्यक हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण मनोयोग से कार्य करने के लिए कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.जे.एस.बक्शी ने बताया कि जनपद में आज यानि एक अप्रैल को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो रहा है। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान जनपदवासियों को वेक्टर जनित रोगों, जल जनित रोगों व लू आदि से बचाव व उपचार के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवम परिवार कल्याण के निर्देशानुसार आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिन्हित कर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को सूची सौंपी जाएगी एवं अभिभावकों को ऐसे बच्चों का दाखिला कराने लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी मुकेश जौहरी ने बताया कि 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की जांच के लिए अमूमन हर साल 63287 जांचें होती हैं। इस वर्ष भी जिले में पूर्व की भांति जांचे करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने वर्ष वार चिन्हित मरीजों का आंकड़ा भी बताया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में 01, वर्ष 2021 में 07 और 2020 में 15 मलेरिया मरीज चिन्हित किए गए थे। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के चलाए जाने से मलेरिया व डेंगू नियंत्रित हुआ है। नोडल अधिकारी डा.आर.एन.सोनी ने बताया कि जो बीमारी एक मरीज से दूसरे स्वस्थ व्यक्ति में दूषित भोजन, जल या संपर्क या कीट या जानवर से फैलती है उसे संचारी रोग कहते हैं। इसमें प्रमुख रूप से डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार, चिकिनगुनिया, क्षय रोग आदि हैं। चूहों, छछुदरो से होने वाली बीमारी लेप्टोस्पाइरोसिस एवम झाडिय़ों में पाए जाने वाले कीटो से स्क्रब टाईफस बीमारी होती है। इन सभी बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग एक नोडल विभाग के रूप में कार्य कर रहा है। वही, ग्रामीण एवम शहरी क्षेत्रों में सफाई के साथ लार्वारोधी गतिविधियां और फागिंग कराई जा रही है। इस अभियान के तहत घर-घर सर्वेक्षण कर फ्लू, खांसी, बुखार के रोगियों व कुपोषित बच्चों की जांच की जाएगी। अभियान के दौरान आशा संगिनी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख भूमिका में घर-घर जाकर अभियान सफल बनाएंगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि आसपास एवम व्यक्तिगत सफाई को बढ़ावा देकर संक्रामक रोगों से बचा जा सकता है। डिस्ट्रिक पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डा.सौरभ सक्सेना ने संक्रामक रोगों से बचाव के बारे में बताते हुए दरवाजे एवं खिड़की में जाली लगवाने,नियमित मच्छरदानी उपयोग करने, खाने से पहले एवम शौच के बाद सही तरीके से हाथ धोने व स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने की सलाह दी। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक जीपी राजपूत, बीएसए रामप्रवेश, जीजीआईसी पूनम मालिक, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव, संदीप शर्मा, अनिल श्रीवास, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेंद्र तिवारी, प्रधानाचार्य आदि मौजूद रहे।